ओडिशा मुठभेड़ में मरने वाले माओवादियों की संख्या हुई 28, हथियार का बड़ा जखीरा बरामद
ओडिशा और आंध्र प्रदेश की पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में यह सफलता हाथ लगी। इस एनकाउंटर में दो ग्रेहाउंड कर्मी घायल हुए हैं। अन्य जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
विजयवाड़ा, प्रेट्र/रायटर। आंध्र प्रदेश और ओडि़शा सीमा पर सोमवार को हुई भीषण मुठभेड़ में मरने वाले माओवादियों की संख्या 28 हो गई है। नक्सल विरोधी ऑपरेशन में हाल के वर्षो में सुरक्षा बलों की यह सबसे बड़ी सफलता है। पुलिस ने माओवादियों के पास से हथियार और गोलाबारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया है। मुठभेड़ में आंध्र प्रदेश के इलीट कमांडो दस्ते ग्रे हाउंड के दो कमांडो भी घायल हुए हैं।
मारे गए माओवादियों के वरिष्ठ कमांडर रवि उर्फ उदय और चेलापति पर 20-20 लाख रुपये का इनाम था। दोनों ने माओवादियों की बैठक बुलाई थी। सूचना पर सुरक्षा बलों ने ओडि़शा के सीमावर्ती मलकानगिरि जिले के रामगुढ़ा इलाके में छापा मारा। खुद को घिरा हुआ देखकर माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में सुरक्षा बलों ने माओवादियों को मार गिराया।
मारे गए लोगों में 15 पुरुष और बाकी महिला माओवादी हैं। करीब एक घंटे चली मुठभेड़ के बाद बलों को घटनास्थल से चार एके 47 राइफल और कई स्वचालित राइफलें मिली हैं। सुरक्षा बलों को इलाके में एक बंकर भी मिला है। तलाशी अभियान जारी है। आंध्र प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक नंदूरि संबासिवा राव ने कहा है कि हथियारों की बरामदगी से पता चलता है कि मौके पर कई माओवादी कमांडर मौजूद थे, जो मौका मिलने पर भाग गए। यह दोनों प्रदेशों के सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई थी। दोनों प्रदेश नक्सल विरोधी अभियान में मिलकर कार्य कर रहे हैं।
Malkangiri (Odisha): Police recover huge cache of arms & ammunitions after 28 Maoists were killed in encounter with security forces (Oct 25) pic.twitter.com/a669sTPW6n
— ANI (@ANI_news) October 26, 2016
पढ़ें- पश्चिमी यूपी के गैंग से क्यों जुड़े थे नोएडा से गिरफ्तार खूंखार नक्सली?