झारखंड में मुठभेड़, दो नक्सली ढेर
झारखंड के खूंटी जिले में जवानों ने मुठभेड़ में पीएलएफआइ (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के दो नक्सलियों को मार गिराया। घटनास्थल से एक एके-47 और दो रायफलें बरामद की गई हैं। एक नक्सली की पहचान सबजोनल कमांडर आशीषन सोए के रूप में हुई है।
खूंटी, जागरण संवाददाता। झारखंड के खूंटी जिले में जवानों ने मुठभेड़ में पीएलएफआइ (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के दो नक्सलियों को मार गिराया। घटनास्थल से एक एके-47 और दो रायफलें बरामद की गई हैं। एक नक्सली की पहचान सबजोनल कमांडर आशीषन सोए के रूप में हुई है। नक्सलियों के शव सीआरपीएफ के कोरवा कैंप में रखे गए हैं। शुक्रवार शाम सीआरपीएफ 157 बटालियन व जिला पुलिस शुक्रवार को उग्रवादियों की धरपकड़ के लिए सर्च अभियान चला रही थी। सूचना मिली कि बनापीड़ी चलकद जंगल में पीएलएफआइ नक्सलियों का कैंप चल रहा है। जवान वहां पहुंचे और जंगल को घेरने का प्रयास करने लगे। नक्सलियों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें दो नक्सली घटनास्थल पर ही ढेर हो गए। पुलिस को भारी पड़ता देख अन्य नक्सली जंगल में भाग गए।