महिला के पेट से निकलीं 12 हजार पथरियां, वर्ल्ड रिकार्डस में होगी नामित
पेट में असहनीय पीड़ा लेकर अस्पताल में भर्ती होते समय एक महिला ने सपने में भी यह नहीं सोचा होगा कि उसका इलाज होते ही वह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डस के लिए नामित हो जाएगी।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। पेट में असहनीय पीड़ा लेकर अस्पताल में भर्ती होते समय एक महिला ने सपने में भी यह नहीं सोचा होगा कि उसका इलाज होते ही वह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डस के लिए नामित हो जाएगी। जी हां, दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर की निवासी मिनती मंडल के साथ ऐसा ही हुआ। 51 वर्षीया मिनती के पेट में लंबे समय से हल्का दर्द रहता था, लेकिन वह उसे साधारण समस्या समझकर नजरअंदाज करती जा रही थी। दो सप्ताह पहले अचानक उसके पेट में तेज दर्द शुरू हुआ, जिसके बाद उसे कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने जांच की तो पाया कि उसके गॉल ब्लैडर (पित्ताशय की थैली) में पथरी है। गुरुवार को चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन किया तो उसके पेट से पथरियों को ढेर निकल गया। ऑपरेशन के बाद जब पथरियों की गिनती शुरू हुई तो पूरे 11,950 निकलीं।
इतनी बड़ी संख्या में पथरियों को देख चिकित्सक भी हैरत में पड़ गए। इसे दुर्लभ घटना की संज्ञा देते हुए चिकित्सकों ने गिनीज बुक प्रबंधन से संपर्क कर इसकी जानकारी दी है। गौरतलब है कि इससे पहले कोलकाता की रहने वाली मौसमी दाम नामक महिला के पेट से 360 पथरियां निकाली गई थीं।