जम्मू-कश्मीर में सेना के शिविर में धमाका, 18 जवान घायल
दक्षिण कश्मीर में पुलवामा के ख्रियु में स्थित सैन्य कोर बैटल स्कूल में शनिवार को हुए एक आइईडी धमाके में 18 सैन्यकर्मी घायल हो गए। घायलों में से पांच की हालत चिंताजनक है।
जागरण ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर में पुलवामा के ख्रियु में स्थित सैन्य कोर बैटल स्कूल में शनिवार को हुए एक आइईडी धमाके में 18 सैन्यकर्मी घायल हो गए। घायलों में से पांच की हालत चिंताजनक है। फिलहाल, सैन्य प्रशासन ने इस पूरे मामले की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश जारी कर दिए हैं।
यह धमाका सुबह 11 बजे कोर बैटल स्कूल के भीतर हुआ है। इस स्कूल में सैन्य कर्मियों व अधिकारियों को परंपरागत युद्ध विधा, गुरिल्ला युद्ध, विभिन्न प्रकार के विस्फोटकों को नकारा बनाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसी स्कूल में 50 आरआर का शिविर भी है और इसकी सुरक्षा का जिम्मा भी 50 आरआर पर ही है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एनएन जोशी ने कहा कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रथम दृष्टया यह धमाका दुर्घटनावश हुआ है।
संबंधित सूत्रों ने बताया कि सुबह प्रशिक्षण के दौरान जवानों का एक दल आइईडी को नकारा बनाने की प्रक्रिया में हिस्सा ले रहा था। इस दौरान वहां धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि आस-पास का पूरा इलाका हिल गया। शिविर के भीतर से लोगों ने धुएं का गुब्बार निकलते देखा। धमाके में 18 जवान घायल हो गए। घायलों की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए बादामीबाग स्थित सैन्य छावनी के 92 बेस अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। हालांकि, घटनास्थल और सैन्य अस्पताल की दूरी लगभग 30 किलोमीटर के करीब है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल जोशी ने हादसे में 18 जवानों के जख्मी होने की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी सैन्य अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें पांच की हालत गंभीर है और शेष खतरे से बाहर हैं।