पाक गोलाबारी से 10 हजार ग्रामीणों का पलायन
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी जारी रहने से सीमांत क्षेत्र दहल गए हैं। कठुआ के हीरानगर में पाकिस्तान ने मंगलवार को लगातार तीन घंटे मोर्टार दागे। रात के समय भी गोलाबारी की संभावना बरकरार रहने से साठ के करीब गांव खाली हो गए हैं। पाकिस्तान के गोले
जम्मू, जागरण ब्यूरो। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी जारी रहने से सीमांत क्षेत्र दहल गए हैं। कठुआ के हीरानगर में पाकिस्तान ने मंगलवार को लगातार तीन घंटे मोर्टार दागे। रात के समय भी गोलाबारी की संभावना बरकरार रहने से साठ के करीब गांव खाली हो गए हैं।
पाकिस्तान के गोले बरसाने का सिलसिला जारी रखने से प्रशासन के राहत शिविरों में शरण लेने वालों की संख्या दस हजार पार कर गई है। बरसाए जा रहे 82 एमएम के मोर्टार की रेंज में न आने वाले सीमांत क्षेत्रों में भी दहशत बरकरार है।
पाकिस्तान ने देर शाम तक कठुआ के हीरानगर के सीमांत क्षेत्रों में 82 एमएम के बड़े मोर्टार दाग कर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। जिले के 57 सीमांत गांवों में से इस समय 50 गांव गोलीबारी से प्रभावित हैं। इसके साथ सांबा जिले में भी दस गांव गोलाबारी के सीधी चपेट में हैं।
सोमवार रात 11 बजे के करीब हीरानगर में बंद हुई गोलाबारी मंगलवार शाम चार बजे फिर शुरू हो गई। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने इसका उचित जवाब दिया। गोलाबारी शाम सात बजे के करीब थम गई। गोलीबारी से सीमा से छह किलामीटर की दूरी पर स्थिति कई गांव खाली हो गए हैं।
इस समय कठुआ व सांबा के राहत शिविरों में दस हजार से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। इसके साथ हजार लोग अपने रिश्तेदारों के घर चले गए हैं। वहीं सांबा जिले के सीमावर्ती गांवों में सोमवार रात साढ़े दस बजे के बाद से गोलाबारी नहीं हुई है।
विरोध पत्र भी नहीं ले रहा पड़ोसी देश
इस बीच गोलाबारी से उपजे हालात का जायजा लेने आए सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक डीके पाठक ने बताया कि 31 दिसंबर को सेक्टर कमांडर स्तर पर बातचीत के बाद पाकिस्तान को तीन जनवरी को संघर्ष विराम उल्लंघन को लेकर विरोध पत्र भी दिया गया था।
लेकिन वह इसे लेने को भी तैयार नहीं है। हम पाकिस्तान के रिहायशी इलाकों पर गोलाबारी नहीं करना चाहते हैं, लेकिन पाकिस्तान व उसके रेंजर्स शांति नहीं चाहते हैं। गोलाबारी से दोनों तरफ के नागरिकों को नुकसान हो रहा है।
पाकिस्तान का दावा, मारे गए पांच नागरिक
इस्लामाबाद। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया है कि सीमा पार से भारतीय जवानों की गोलीबारी में पिछले तीन दिनों में उसके पांच नागरिकों की मौत हो गई है। यहां जारी एक बयान में कहा गया कि शनिवार को एक 13 साल की लड़की की मौत हो गई। वहीं, सियालकोट सेक्टर में गोलीबारी में एक महिला सहित चार लोग मारे गए।
आतंकियों की दूसरी नाव का रहस्य गहराया