सुरक्षा बलों को मिली बड़ी कामयाबी, बीजापुर में 10 नक्सली ढेर; एक जवान शहीद
स्पेशल डीजी डीएम अवस्थी (नक्सल ऑपरेशंस) ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान में मिली इस सफलता की पुष्टि की है। इस ऑपरेशन में एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गया।
बीजापुर (एएनअाई)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बीजापुर के नक्सल प्रभावित पुजारी कांकेर इलाके में तेलंगाना पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 10 नक्सलियों को मार गिराया गया। स्पेशल डीजी डीएम अवस्थी (नक्सल ऑपरेशंस) ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान में मिली इस सफलता की पुष्टि की है। वहीं तेलंगाना पुलिस का एक जवान इस मुठभेड़ में शहीद हो गया है। सुरक्षाबलों ने मृत नक्सलियों के पास से एक AK-47, एक एसएलआर और पांच INSAS राइफल बरामद किए।
इस ऑपरेशन में एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गया। जख्मी हुए पुलिस वाले की पहचान अरविंद सलाम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों की फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। डेढ़ घंटे तक मुठभेड़ चलती रही, जिसके बाद नक्सलियों को वहां से भागना पड़ा।
सुरक्षाबलों की यह कामयाबी इसलिए भी बेहद अहम है क्योंकि हाल ही में छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में नक्सलियों ने घात लगाकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया था। नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन पुलिस जवान घायल हो गए थे। संयुक्त दल जब मुंगारी और दुलारगुफा के मध्य पहाड़ी में था, तभी घात लगाए नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब ग्रेहाउंड का दस्ता पुजारी कांकेर गांव के जंगल में पहुंचा तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। इस घटना में ग्रेहाउंड का एक जवान भी घायल हो गया है।
सुंदरराज ने बताया कि गोलीबारी बंद होने के बाद पुलिस दल ने क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया है। अभी तक 10 नक्सलियों का शव बरामद किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान कराई जा रही है तथा अभी इस संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है। घायल जवान को जंगल से बाहर निकाला जा रहा है।
25 फरवरी को भी नक्सलियों ने विस्फोट कर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के दो जवान को जख्मी कर दिया था। घायलों में एक सहायक प्लाटून कमांडर भी शामिल था। वहीं, बीते 18 फरवरी को सुकमा में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए थे। शहीद जवानों में एक एसटीएफ और एक डीआरजी से जुड़े थे।