पाकिस्तान की गोलाबारी में पोर्टर की मौत, दो युवतियां घायल
पाकिस्तानी सेना ने ग्रामीणों को निशाना बनाते हुए मोर्टार भी दागने शुरू कर दिए, जो खेतों और घरों के आसपास गिरे।
जागरण संवाददाता, बारमुला। पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन जारी रखते हुए उत्तरी कश्मीर के उड़ी में भारतीय ठिकानों पर गोलाबारी की। इसमें सेना के साथ काम करने वाले एक पोर्टर की मौत हो गई और दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गई। भारत ने भी करारा जवाब दिया। सीमांत क्षेत्रों में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया है।
सुबह करीब नौ बजे उड़ी के कमलकोट इलाके में पाकिस्तानी सेना ने अकारण फायरिंग कर दी। उस समय इलाके में अधिकांश लोग खेतों में काम कर रहे थे। इसके साथ ही पाकिस्तानी सेना ने ग्रामीणों को निशाना बनाते हुए मोर्टार भी दागने शुरू कर दिए, जो खेतों और घरों के आसपास गिरे। इससे ग्रामीणों में खलबली मच गई और वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस बीच, एक गोला 22 वर्षीय अब्बास हुसैन शाह पुत्र सैयद मजलूम हुसैन निवासी माडियां कमलकोट के पास गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अब्बास सेना में साथ पोर्टर के रूप में काम करता था और शंकर पोस्ट पर तैनात था। गोलाबारी में दो युवतियां भी जख्मी हो गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि गत शुक्रवार को भी पाकिस्तान ने जम्मू के अखनूर में नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी की थी, जिसमें सेना का एक जवान घायल हो गया।
यह भी पढ़ें:12 साल बाद फिर निकला बोफोर्स का जिन्न, जानें अब तक क्या-क्या हुआ