मुसोलिनी, ईदी अमीन, जिया जैसे तानाशाह हैं मोदी: कांग्रेस
चुनावी समर की आक्रामकता बढ़ाते हुए कांग्रेस ने भाजपा के पीएम प्रत्याशी पर अब तक का सबसे तीखा और बड़ा हमला किया है। पार्टी ने नरेंद्र मोदी की तुलना हिटलर, मुसोलिनी, ईदी अमीन और जिया उल हक जैसे तानाशाहों से की है। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि ये सारे तानाशाह चुनाव जीतकर आए थे। ऐसे में मोदी का दावा कि वह चुनाव जीतकर जनता की अदालत से बरी हो गए हैं, सही नही है। साथ ही कांग्रेस ने उमा भारती की एक सीडी को मोदी के खिलाफ हथियार बनाकर हमला किया है।
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। चुनावी समर की आक्रामकता बढ़ाते हुए कांग्रेस ने भाजपा के पीएम प्रत्याशी पर अब तक का सबसे तीखा और बड़ा हमला किया है। पार्टी ने नरेंद्र मोदी की तुलना हिटलर, मुसोलिनी, ईदी अमीन और जिया उल हक जैसे तानाशाहों से की है। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि ये सारे तानाशाह चुनाव जीतकर आए थे। ऐसे में मोदी का दावा कि वह चुनाव जीतकर जनता की अदालत से बरी हो गए हैं, सही नही है। साथ ही कांग्रेस ने उमा भारती की एक सीडी को मोदी के खिलाफ हथियार बनाकर हमला किया है।
सिंघवी ने कहा कि चुनाव जीतने से मोदी के अपराध कम नहीं हो जाते हैं। नरेंद्र मोदी के गुजरात दंगों को लेकर माफी न मांगने के बयान पर हमलावर हुई कांग्रेस ने मोदी को अहंकार में डूबा हुआ तानाशाह बताया। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि मोदी का चुनाव जीतकर जनता की अदालत से बरी होने का बयान भ्रामक है। सिंघवी ने सवाल किया कि हिटलर, मुसोलिनी, ईदी अमीन जैसे चुनाव जीतने वाले तानाशाहों के अपराध क्या कम हो गए। मुद्दों की तलाश में हताश कांग्रेस ने पार्टी दफ्तर में उमा भरती की पुरानी सीडी के सहारे भाजपा पर हमला बोला। सीडी उस समय की है, जब उमा ने भाजपा छोड़कर भारतीय जनशक्ति पार्टी का गठन किया था। सीडी में उमा भारती मोदी को विनाश पुरुष की संज्ञा दे रही हैं। उमा कह रही हैं कि गुजरात भयभीत करने वाला राज्य हो गया है। यहां का हिंदू इतना डरा हुआ कभी नहीं था। उमा ने कहा कि मैं अपने मोटा भाई (नरेंद्र मोदी) को 1973 से जानती हूं। वह विकास पुरुष नहीं हैं, बल्कि विनाश पुरुष हैं और उन्होंने गुजरात का विनाश किया है। गुजरात राम और रोटी दोनों से वंचित है।
हाल में उमा ने मोदी के अच्छा वक्ता न होने की बात कहकर विरोधियों को भाजपा के पीएम प्रत्याशी पर हमलावर होने का एक और मौका दिया था। इसके बाद रायबरेली से सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए उमा भारती का नाम प्रस्तावित किया गया, लेकिन उन्होंने एक शर्त रखकर पार्टी को बैकफुट पर धकेल दिया था। उन्होंने शर्त रखी थी कि वह रायबरेली से लड़ने के लिए झांसी सीट नहीं छोड़ेंगी।
राजनीतिक रूप से दिवालिया हो गई कांग्रेस: सुधांशु
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। उमा भारती के भाषण की पुरानी सीडी दिखाकर चुनावी माहौल गरमाने में जुटी कांग्रेस को हताश और निराश करार देते हुए भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी अटल बिहारी वाजपेयी की फोटो लगाकर भाजपा और नरेंद्र मोदी पर हमला करती है, तो कभी उमा भारती की सीडी दिखाकर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है।
सुधांशु ने कहा कि कांग्रेस अब इतनी दिवालिया हो गई है कि उनके पास शब्द भी नहीं बचे हैं। राहुल गांधी जनता को उल्लू बनाने की बात करते हैं। क्या जनता के लिए उल्लू शब्द का इस्तेमाल किया जाना सही है। सच्चाई यह है कि कांग्रेस कभी सौ दिन में महंगाई कम करने, तो कभी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का झूठा आश्वासन देकर जनता को ठगती रही है। कांग्रेस के पास भाजपा पर हमले का कोई हथियार नही बचा है। लिहाजा अब भाजपा के ही नेताओं का सहारा लिया जा रहा है।
उमा ने चुनाव आयोग से की कार्रवाई की मांग
उमा भारती ने चुनाव आयोग से भाजपा विरोधी पार्टियों द्वारा अपने पुराने वीडियो को तोड़-मरोड़कर सोशल मीडिया साइट्स पर डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता ने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि विरोधी दल राजनीतिक फायदा उठाने और उन्हें बदनाम करने के लिए उनके भाषण को अपने मन मुताबिक टुकड़ों में बांटकर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। उन्होंने विरोधी दलों पर मोदी की छवि खराब करने के लिए षड्यंत्र रचने और मीडिया के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। मोदी की तारीफ करते हुए उमा ने कहा कि वह देश की उम्मीदों के केंद्र हैं।
'भाजपा में ऐसे हजारों लोग हैं जो मोदी को तानाशाह मानते हैं, विनाश पुरूष मानते हैं और ये मानते हैं कि गुजरात विकास के बारे में उनके दावे झूठे हैं।' -अभिषेक मनु सिंघवी, कांग्रेस प्रवक्ता
'उमा भारती की तीन-चार साल पुरानी सीडी का सहारा लेने से साफ है कि कांग्रेस पार्टी के प्रथम परिवार को बचाने की आखिरी कोशिश में जुटी है। स्पष्ट है कि अब उनके पास मुद्दों के नाम पर कुछ नहीं बचा है।' -मीनाक्षी लेखी, भाजपा प्रवक्ता