आज दिल्ली में होगी रैना की शादी, कई क्रिकेटर हो सकते हैं शामिल
स्टार क्रिकेटर सुरेश रैना की बुधवार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सगाई होने के बाद शादी की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। रैना की सगाई उनकी मां की दोस्त की बेटी प्रियंका चौधरी से बुधवार को हुई। प्रियंका नीदरलैंड्स के एक बैंक में अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं।
नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। स्टार क्रिकेटर सुरेश रैना की बुधवार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सगाई होने के बाद शादी की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। रैना की सगाई उनकी मां की दोस्त की बेटी प्रियंका चौधरी से बुधवार को हुई। प्रियंका नीदरलैंड्स के एक बैंक में अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं। शुक्रवार को यह दोनों दिल्ली के लीला पैलेस होटल में विवाह के बंधन में बंधेंगे।
इस हाईप्रोफाइल शादी में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी सहित कई नामी-गिरामी लोगों को न्योता भेजा गया है। टीम इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स के कई क्रिकेटर इस शादी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि आइपीएल टीमों के कैंप लग जाने के कारण कई खिलाडिय़ों का आना मुश्किल होगा।
रैना की होने वाली पत्नी का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बड़ौत (बागपत) जिले से संबंधित है। पिता की नौकरी मुरादनगर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में होने की वजह से प्रियंका का परिवार वहीं स्टाफ क्वार्टर में रहता है। यहीं सुरेश रैना का परिवार भी रह रहा था। प्रियंका और रैना की मां आपस में अच्छी दोस्त हैं। दोनों के पिता साथ में काम करते थे। दोनों परिवारों की दोस्ती अब रिश्तेदारी में बदलने जा रही है। पारिवारिक दोस्ती के चलते सुरेश और प्रियंका भी दोस्त बन गए, लेकिन प्यार जैसा अहसास काफी बाद में जुड़ा।
रैना के करीबी दोस्तों के मुताबिक वह कुछ साल पहले टीम इंडिया की ओर से एक मैच खेलने बेंगलुरु गए, तो वहां प्रियंका से भी मिले। जो उस वक्तवहां नौकरी कर रहीं थीं। इस मुलाकात में ही रैना अपना दिल दे बैठे, लेकिन तब दोनों का ध्यान अपने अपने करियर पर टिका था। रैना टीम इंडिया की ओर से धमाल दिखाते रहे तो प्रियंका विप्रो की नौकरी मिलने के बाद कंपनी की नीदरलैंड्स शाखा में काम करने के लिए चली गईं।
प्रियंका ने गाजियाबाद स्थित कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी से बीटेक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु में कुछ समय तक आइटी प्रोफेशनल के तौर पर काम किया। प्रियंका के दो बड़े भाई भी आइटी इंजीनियर हैं। एक का नाम अभिषेक है और दूसरे का विवेक। एक बेंगलूर में काम करते हैं, तो दूसरे ग्रेटर नोएडा में।
प्रियंका की क्रिकेट में खूब दिलचस्पी है। आखिर रैना के रंग में तो उनको रंगना ही था। वह क्रिकेट मैच देखती भी हैं और उसका विश्लेषण भी करती हैं। पढऩे के साथ-साथ प्रियंका की संगीत में भी खूब दिलचस्पी है। वह शादी के बाद नौकरी छोड़कर घर बसाने का मन बना चुकी हैं।
मोदी ने भेजा बधाई संदेश
गाजियाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्रिकेटर सुरेश रैना की शादी में शामिल नहीं होंगे। गुरुवार को प्रधानमंत्री ने बधाई संदेश भेजकर रैना के मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय से एक वरिष्ठ अधिकारी प्रधानमंत्री का पत्र लेकर राजनगर स्थित रैना के घर पहुंचे।
पढ़ें - रैना की शादी के लिए विराट के घर पर ठहरी हैं अनुष्का!