मुंबई इंडियंस ने मनाया जीत का जश्न
मुंबई इंडियंस ने सोमवार को अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में आइपीएल-8 में खिताबी जीत का जश्न मनाया। कार्यक्रम रात आठ बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम में 'क्रिकेट के भगवान' सचिन तेंदुलकर और मुंबई की पूरी टीम शामिल थी।
मुंबई। मुंबई इंडियंस ने सोमवार को अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में आइपीएल-8 में खिताबी जीत का जश्न मनाया। कार्यक्रम रात आठ बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम में 'क्रिकेट के भगवान' सचिन तेंदुलकर और मुंबई की पूरी टीम शामिल थी। इस दौरान खिलाडि़यों ने जमकर मस्ती की। लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। इस मौके पर खिलाडि़यों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसक टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम पहुंचे। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम और टीम मालकिननीता अंबानी के साथ महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और सहयोगी स्टाफ के सदस्य रिकी पोंटिंग, जॉन राइट, जोंटी रोड्स, अनिल कुंबले, रॉबिन सिंह और शेन बांड ने उत्साही दर्शकों के सामने विक्टरी लैप लगाया।
इस दौरान टीम के सदस्य हरभजन सिंह, लसिथ मलिंगा, पार्थिव पटेल, कीरोन पोलार्ड, अंबाती रायुडू और अन्य ने ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाई। प्रशंसक टीम के झंडे लहराकर उनका स्वागत कर रहे थे, जबकि टीम के खिलाड़ी जवाब में अपने हाथ हिला रहे थे।
मुंबई इंडियंस ने रविवार की रात कोलकाता के ईडन गार्डेंस में फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स को 41 रन से हराकर खिताब जीता था। मुंबई का यह दूसरा आइपीएल खिताब है। उसने अपना खिताब 2013 में चेन्नई को हराकर जीता था। नीता अंबानी ने कहा, 'अब मुंबई इंडियंस ही मेरी दुनिया है और यहां आए सभी प्रशंसकों का शुक्रिया..गो ईस्ट, गो वेस्ट, मुंबई इज द बेस्ट।'
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई इंडियंस ने अपने प्रशंसकों को न्योता दिया था। वानखेड़े में 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर समर्थकों को प्रवेश दिया गया। टीम के एक अधिकारी ने कहा, 'यह प्रशंसकों के लिए अपनी टीम के साथ जीत का जश्न मनाने का पहला मौका था। इससे पहले 2013 में सीमित स्तर पर जश्न मनाया गया, क्योंकि तब टीम मालिक देश से बाहर गए हुए थे।'