बैंगलोर में आई 'गेल सुनामी', छक्कों की हुई बरसात
बैंगलोर और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच आइपीएल-8 का 40वां मुकाबला फैंस अब शायद कभी नहीं भूलेंगे। फैंस चाहे भूल भी जाएं लेकिन पंजाब की टीम तो इसे बिलकुल भी नहीं भूलने वाली। इसकी वजह बने हैं बैंगलोर के धुआंधार बल्लेबाज क्रिस गेल और उनका ताबड़तोड़ शतक।
नई दिल्ली, [शिवम् अवस्थी] । बैंगलोर और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच आइपीएल-8 का 40वां मुकाबला फैंस अब शायद कभी नहीं भूलेंगे। फैंस चाहे भूल भी जाएं लेकिन पंजाब की टीम तो इसे बिलकुल भी नहीं भूलने वाली। इसकी वजह बने हैं बैंगलोर के धुआंधार बल्लेबाज क्रिस गेल और उनका ताबड़तोड़ शतक।
- पहले धुआंधार अर्धशतकः
कैरेबियाई धुरंधर क्रिस गेल ने पंजाब के खिलाफ धुआंधार पारी खेलकर सबका दिल जीत लिया। पिछले मैच में उनको आराम दिया गया था और जब वो फ्रेश होकर लौटे तो नजारा देखने लायक था। गेल ने सबसे पहले 22 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया जिस दौरान उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के जड़े थे। पंजाब ने इसके बाद अपनी गेंदबाजी में तब्दीली करते हुए थोड़ी जान फूंकने की कोशिश जरूर की लेकिन गेल थे कि रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। गेल ने पचासे के बाद रफ्तार और तेज कर दी।
- .....फिर ताबड़तोड़ शतकः
इसके बाद क्रिस गेल ने अपने शतक तक पहुंचने के लिए महज 26 गेंदें और लीं। गेल ने महज 46 गेंदों पर अपना शतक पूरा कर लिया। 100 रन तक पहुंचने के लिए उन्होंने 11 छक्के और 5 चौकों का सहारा लिया। इसके बाद गेल ने कुछ और आकर्षक शॉट्स खेले और 17वें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट होने से पहले उन्होंने 57 गेंदों पर 117 रनों की धुआंधार पारी खेली। जिस दौरान उन्होंने 12 छक्के और 7 चौके जड़े।