यूजीसी बनाएगा दुनिया का सबसे बड़ा पोर्टल
"भारतवाणी" पोर्टल के जरिये सभी भारतीय भाषाओं में जानकारी उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है।
नई दिल्ली। "भारतवाणी" पोर्टल के जरिये सभी भारतीय भाषाओं में जानकारी उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है। इस पोर्टल का प्रस्ताव विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने रखा है। यह विश्व का सबसे बड़ा इंटरनेट लैंग्वेज पोर्टल होगा।
यूजीसी के सचिव जसपाल सिंह संधू ने महत्वाकांक्षी "भारतवाणी" प्रोजेक्ट के लिए सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को पत्र लिखा है। उनसे अपने पास उपलब्ध विभिन्न भाषाओं की डिजिटल और गैर डिजिटल सामग्रियों को साझा करने के लिए कहा है।
24 नवंबर को कुलपतियों को लिखे पत्र में संधू ने कहा, "भारतवाणी प्रोजेक्ट का मकसद एक पोर्टल वेबसाइट के माध्यम से मल्टीमीडिया (जैसे टेक्स्ट, ऑडियो, वीडियो, फोटो) फॉर्मेट का उपयोग करते हुए देश की सभी भाषाओं में मौजूद ज्ञान को उपलब्ध कराना है।"
उन्होंने बताया, "यह पोर्टल पूर्ण समावेशी, संवादात्मक, गतिशील और नियंत्रित होगा।" यूजीसी सचिव ने कहा कि साल 2001 की जनगणना के अनुसार देश में 122 अनुसूचित व गैर अनुसूचित भाषाएं और 234 मातृ भाषाएं हैं। प्रोजेक्ट के बारे में उन्होंने बताया, "इसे दुनिया के सबसे बड़े भाषाई पोर्टल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है।"