टाटा ने रखी लाज, बना भारत का सबसे मूल्यवान ब्रांड
देश के दिग्गज कारोबारी समूह टाटा ग्रुप को भारत के सबसे मूल्यवान ब्रांड का तमगा मिला है। ब्रांड फाइनेंस-500 की सूची के अनुसार टाटा समूह का ब्रांड मूल्य 21.2 अरब डॉलर (1,31
लंदन। देश के दिग्गज कारोबारी समूह टाटा ग्रुप को भारत के सबसे मूल्यवान ब्रांड का तमगा मिला है। ब्रांड फाइनेंस-500 की सूची के अनुसार टाटा समूह का ब्रांड मूल्य 21.2 अरब डॉलर (1,319 अरब रुपये) आंका गया है।
दुनिया की शीर्ष 500 कंपनियों की इस सूची में समूह 39वें स्थान से चढ़कर 34वें पर पहुंच गया है। हालांकि, 2013 की इस सूची में भारतीय कंपनियों की संख्या छह से घटकर पांच रह गई है।
पढ़ें : एप्पल दुनिया का सबसे कीमती ब्रांड
सूची के मुताबिक, अमेरिकी तकनीकी कंपनी एप्पल को 105 अरब डॉलर मूल्य के साथ लगातार तीसरी बार पहला स्थान हासिल हुआ है। दूसरे स्थान पर 79 अरब डॉलर के साथ सैमसंग रही। इनके अलावा टॉप-10 में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, वेरीजोन, जीई, एटीएंडटी, अमेजन, वॉलमार्ट और आइबीएम शामिल हैं।
पढ़ें : ऑटो एक्सपो 2014 के पहले दिन टाटा ने लांच की दो कारें
टाटा के अलावा इस सूची में एसबीआइ (347वें स्थान), एयरटेल (381वें), रिलायंस इंडस्ट्रीज (413वें) और इंडियन ऑयल (474वें) जैसी भारतीय कंपनियां शामिल हैं। इनकी रैकिंग 2012 के मुकाबले घटी है। आइटीसी 2012 में इस लिस्ट में 445वें स्थान पर थी लेकिन 2013 में यह बाहर हो गई है। टाटा की ब्रांड वैल्यू 2012 में 18.2 अरब डॉलर थी।
पढ़ें : खतरनाक है छोटी कारों का सफर, क्रैश टेस्ट में ये 5 कारें हो गई फेल
2007 में इस सूची में कंपनी को 100वां स्थान हासिल हुआ था। इसके बाद से ही यह समूह लगातार सूची में अपनी स्थिति मजबूत करता जा रहा है। ब्रांड फाइनेंस के अनुसार, एसबीआइ की ब्रांड वैल्यू चार अरब डॉलर, एयरटेल की 3.8 अरब डॉलर, रिलायंस की 3.5 अरब डॉलर और आइओसी की 3.1 अरब डॉलर रह गई। दुनिया में भले ही एप्पल की ब्रांड वैल्यू सबसे ज्यादा रही हो मगर सबसे ताकतवर ब्रांड के रूप में इटली की कार निर्माता फेरारी उभरी है। इस सूची में अमेरिका के सबसे ज्यादा 185 ब्रांड जगह बनाने में सफल हुए। इसके बाद जापान (42), फ्रांस (37), ब्रिटेन (35), जर्मनी (32), चीन (27) और स्विट्जरलैंड (19) का नंबर आता है।