सेंसेक्स टूटा, निफ्टी में बढ़त
बीते दिन की लंबी छलांग के बाद शुक्रवार को दलाल स्ट्रीट के निवेशकों ने सतर्कता दिखाई। नतीजतन इस दिन बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 21.79 अंक टूटकर 27090.42 पर बंद हुआ। इसमें गुरुवार को 480.92 अंक की जोरदार तेजी आई थी।
मुंबई। बीते दिन की लंबी छलांग के बाद शुक्रवार को दलाल स्ट्रीट के निवेशकों ने सतर्कता दिखाई। नतीजतन इस दिन बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 21.79 अंक टूटकर 27090.42 पर बंद हुआ। इसमें गुरुवार को 480.92 अंक की जोरदार तेजी आई थी। सेंसेक्स के विपरीत नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 6.70 अंक की मामूली बढ़त के साथ 8121.45 पर बंद हुआ।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 27139.39 अंक पर मजबूत खुला। सत्र के दौरान ऊंचे में यह 27132.20 और नीचे में 27047.65 अंक का स्तर छुआ। इस दिन कैपिटल गुड्स और रिफाइनरी के शेयरों पर बिकवाली की मार पड़ी। आइटी और टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 17 के शेयर चढ़े जबकि 13 में गिरावट दर्ज की गई।