आरबीआइ की तिजोरी में 558 टन, लोगों के पास 20 हजार टन सोना
रिजर्व बैंक के खजाने में 557.75 टन सोना है। इसकी तुलना में लोगों के पास इससे कहीं ज्यादा 20 हजार टन के करीब सोना है। सरकार की तरफ से संसद में यह जानकारी दी गई।
नई दिल्ली। रिजर्व बैंक के खजाने में 557.75 टन सोना है। इसकी तुलना में लोगों के पास इससे कहीं ज्यादा 20 हजार टन के करीब सोना है। सरकार की तरफ से संसद में यह जानकारी दी गई।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा को बताया कि आरबीआइ के पास 557.75 टन सोना है। देश में जनता के पास सोने का हिसाब सरकार नहीं रखती है। कुछ रिपोर्टो के अनुसार लोगों के पास 20 हजार टन के करीब सोना है।
सोने के आयात पर खर्च विदेशी मुद्रा के बारे में पूछे गए सवाल पर जेटली ने कहा कि वित्त वर्ष 2014-15 में 34.41 अरब डॉलर इस पर खर्च हुए। वित्त वर्ष 2013-14 में 28.70 अरब डॉलर और वित्त वर्ष 2012-13 में 53.82 अरब डॉलर सोने के आयात में लगे।
वर्ष 1999 में सरकार ने स्वर्ण जमा योजना शुरू की थी। इसका मकसद देश में बेकार रखे सोने को उपयोग में लाना था।
भारत दुनिया में सोने का सबसे बड़ा आयातक देश है। हर वर्ष यहां करीब 800 से 900 टन सोने का आयात किया जाता है। रिजर्व बैंक की ओर से सोने के आयात पर लागू 80:20 रूल को नवंबर 2014 में समाप्त किए जाने के बाद सोने के आयात में धीरे-धीरे तेजी आने लगी है।