अस्थिरता से नहीं घबराने की जरूरत : रघुराम राजन
राजन ने अमेरिकी ब्याज दरों में वृद्धि पर अनिश्चितता को लेकर भारत व अन्य ग्लोबल बाजारों में फैली चिंता को दूर करने की कोशिश की है।
अंकारा। रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन ने अमेरिकी ब्याज दरों में वृद्धि पर अनिश्चितता को लेकर भारत व अन्य ग्लोबल बाजारों में फैली चिंता को दूर करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा है कि बाजारों को अस्थिरता से घबराने की जरूरत नहीं है। वह मानते हैं कि यह अस्थायी प्रकृति की है। राजन यह भी बोले कि फाइनेंस सिर्फ ग्रोथ को सहारा देने के लिए है। वास्तव में आर्थिक विकास की रफ्तार का निर्धारण इस बात से होगा कि किसी देश में आर्थिक नीतियां कैसी हैं।
बी-20 बैठक के प्लिनेरी सेशन को संबोधित करते हुए राजन ने उन मुद्दों को उठाया जिनसे इन दिनों ग्लोबल इकोनॉमी रूबरू है। इनमें लोगों का अधिक बचत और कम खर्च पर जोर, कम उत्पादकता और कम निवेश शामिल हैं। राजन ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अस्थिरता से नहीं डरना चाहिए। अमेरिकी ब्याज दरों में वृद्धि को लेकर अनिश्चितता का उल्लेख करते हुए राजन बोले कि मौद्रिक नीति के दोबारा सामान्य होने पर भविष्य में उठापटक की चिंताएं दूर हो जाएंगी। बी-20 जी-20 देशों के बिजनेस लीडर्स का अनौपचारिक समूह है।
रोजगार बढ़ाने पर हो जोर
सेशन में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आइएमएफ) की प्रमुख क्रिस्टीन लगार्ड ने रोजगार सृजन पर जोर देने को कहा। वह मानती हैं कि इंफ्रास्ट्रक्चर में प्रभावी निवेश, वित्तीय सुधार तथा श्रम व उत्पाद बाजार सुधारों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।