दिलीप सांघवी को पछाड़ मुकेश अंबानी फिर बने सबसे धनी भारतीय
उद्योगपति मुकेश अंबानी ने दुनिया में सबसे धनी भारतीय का अपना रुतबा फिर से हासिल कर लिया है। अंबानी 19.6 अरब के नेटवर्थ के साथ वह पहले स्थान पर हैं जबकि औषधि क्षेत्र के दिग्गज दिलीप सांघवी सात सप्ताह शीर्ष स्थान पर रहने के बाद दूसरे स्थान पर आ गए
न्यूयॉर्क/मुंबई। उद्योगपति मुकेश अंबानी ने दुनिया में सबसे धनी भारतीय का अपना रुतबा फिर से हासिल कर लिया है। अंबानी 19.6 अरब के नेटवर्थ के साथ वह पहले स्थान पर हैं जबकि औषधि क्षेत्र के दिग्गज दिलीप सांघवी सात सप्ताह शीर्ष स्थान पर रहने के बाद दूसरे स्थान पर आ गए हैं। शेयर बाजार में गिरावट के बीच सांघवी की अगुवाई वाली सन फार्मा का शेयर मूल्य आज 2 प्रतिशत से अधिक नीचे आया है, जबकि अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (आरआइएल) का शेयर केवल 0.55 प्रतिशत गिरा।
इसके परिणामस्वरूप सांघवी के नेटवर्थ में 45 करोड़ डॉलर से अधिक की कमी आई। पत्रिका फोर्ब्स की धनवानों की सालाना सूची में यह तीसरी सबसे बड़ी गिरावट है। फोर्ब्स द्वारा अद्यतन की गई सूची के अनुसार सर्वाधिक धनी भारतीय की सूची में सांघवी 19.3 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ दूसरे स्थान पर आ गए जबकि अंबानी फिर से पहले स्थान पर पहुंच गए। धन कुबेरों की वैश्विक सूची में अंबानी 46वें स्थान पर जबकि सांघवी 48वें स्थान पर हैं। शीर्ष 50 धनवानों की सूची में केवल दो भारतीय हैं।
दो मार्च को जारी फोर्ब्स की सालाना सूची में अंबानी 39वें स्थान पर थे जबकि सांघवी 44वें स्थान पर थे। लेकिन दो दिन बार चार मार्च को सांघवी ने अंबानी को पीछे छोड़ते हुए पहले स्थान पर पहुंच गए। इसका कारण सन फार्मा का बाजार पूंजीकरण में जोरदार इजाफा था। वैश्विक स्तर पर 80.3 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ बिल गेट्स पहले स्थान पर बने हुए हैं जो मार्च में जारी सूची के अनुसार 79.2 अरब डॉलर था।
आज के अनुसार अंबानी और सांघवी के बाद अजीम प्रेमजी, लक्ष्मी मित्तल, शिव नडार, कुमार मंगलम बिड़ला, उदय कोटक, सुनील मित्तल, साइरस पूनावाला और गौतम अदाणी 10 धनाढ्य भारतीयों की सूची में हैं।