सितंबर में मारुति ने बनाया नया रिकार्ड, एक महीने में बेच दी इतनी कारें
सितंबर में कंपनी की मिनी सेगमेंट कारों की बिक्री में 24.8 फीसद की तेजी आई। इस श्रेणी में उसने कुल 44,395 कारें बेचीं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। देश की सबसे बड़ी कार बनाने वाली कंपनी मारुति सुजुकी ने घरेलू बाजार में बिक्री का रिकॉर्ड बनाया है। सितंबर में उसने 1,37,321 कारें बेची हैं। बीते साल इसी महीने में कंपनी ने 1,06,083 कारों की बिक्री की थी। इस तरह उसने बिक्री में 29.4 फीसद की बढ़त दर्ज की।
यह मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआइ) का घरेलू बिक्री से जुड़ा अब तक का सबसे बेहतरीन मासिक आंकड़ा है। इससे पूर्व इस साल जुलाई में उसने बिक्री का सर्वोत्तम आंकड़ा हासिल किया था। तब कंपनी ने 1,25,778 कारों की बिक्री की थी।
मारुति सुजुकी इंडिया के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर (मार्केटिंग एंड सेल्स) आरएस कलसी ने कहा कि ग्राहकों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विभिन्न मॉडलों को हाथों हाथ लिया है। इस प्रदर्शन को बनाए रखा जाएगा।
सितंबर में कंपनी की मिनी सेगमेंट कारों की बिक्री में 24.8 फीसद की तेजी आई। इस श्रेणी में उसने कुल 44,395 कारें बेचीं। पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने इस सेगमेंट में 35,570 कारों की बिक्री की थी। मिनी सेगमेंट में अल्टो और वैगन-आर मॉडल शामिल हैं।
कांपैक्ट सेगमेंट में सालाना आधार पर 12.3 फीसद की बढ़त रही। सितंबर में इस श्रेणी की कारों की बिक्री 50,324 यूनिट रही। पिछले साल इसी अवधि में 44,826 कारों की बिक्री हुई थी। कांपैक्ट सेगमेंट में स्विफ्ट, रिट्ज, सेलेरियो, बलेनो और डिजायर आती हैं।
यूटीलिटी व्हीकल सेगमेंट में तो 191 फीसद की धुआंधार बढ़ोतरी हुई है। इस श्रेणी में बिक्री का आंकड़ा 18,423 यूनिट रहा। यह पिछले साल समान महीने में 6,331 रहा था। इस श्रेणी में जिप्सी, एस-क्रॉस, विटारा ब्रेजा और अर्टिगा शामिल हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, फोर्ड इंडिया और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने भी घरेलू बिक्री में बढ़त दर्ज की है। फोर्ड इंडिया के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर (मार्केटिंग एंड सेल्स) अनुराग मेहरोत्रा ने कहा कि अच्छा मानसून, सातवां वेतन आयोग और सीमित महंगाई दर भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की ग्रोथ को रफ्तार देने में मदद कर रहे हैं।
टू-व्हीलर सेगमेंट में सितंबर के दौरान इंडिया यामाहा मोटर ने घरेलू बिक्री में 33 फीसद की बढ़त दर्ज की। उसने 89,423 वाहन बेचे। बीते साल इसी अवधि में उसने 67,267 वाहन बेचे थे। रॉयल एनफील्ड की बिक्री 30 फीसद बढ़ी है। सितंबर में उसने 56,958 बाइक बेचीं।
-सितंबर में बिक्री के आंकड़े-
कंपनी , संख्या , वृद्धि/कमी
मारुति सुजुकी , 137321 , 29.4
फोर्ड इंडिया , 9018 , 9.0
टाटा मोटर्स , 48648 , 8.0
महिंद्रा एंड महिंद्रा , 42545 , 7.0
टोयोटा किर्लोस्कर , 12067 , 6.0
होंडा कार्स , 1 5034 , -18.77
(वृद्धि/कमी फीसद में)
पढ़ें- मारुति ने लॉन्च किया ऑल्टो 800 और ऑल्टो K10 का नया अवतार