ब्रिटेन में टाटा के अन्य कारोबार खरीदने की तैयारी में संजीव
लिबर्टी हाउस ग्रुप के मुखिया भारतीय मूल के उद्योगपति संजीव गुप्ता लिबर्टी हाउस ग्रुप ब्रिटेन में टाटा के अन्य कारोबार का अधिग्रहण करने की तैयारी में है।
लंदन, प्रेट्र : टाटा स्टील के स्कॉटलैंड स्थित प्लांटों को खरीदने के बाद लिबर्टी हाउस ग्रुप ब्रिटेन में कंपनी के अन्य कारोबार का अधिग्रहण करने की तैयारी में है। ग्रुप कारोबार की कीमत का मूल्यांकन कर रहा है। लिबर्टी हाउस ग्रुप के मुखिया भारतीय मूल के उद्योगपति संजीव गुप्ता ने यह बात कही है। पंजाब में जन्मे गुप्ता को ब्रिटेन का नया 'मैन ऑफ स्टील' बताया जा रहा है।
स्कॉटलैंड के डेलजेल और क्लाइडब्रिज में प्लेट बनाने वाले प्लांटों का अधिग्रहण संपन्न होने पर गुप्ता मीडिया से मुखातिब थे। टाटा स्टील से इन दोनों प्लांटों को स्कॉटलैंड सरकार ने खरीदा था। इसके तुरंत बाद लिबर्टी हाउस को बेच दिया था।
लिबर्टी हाउस के एक्जीक्यूटिव चेयरमैन गुप्ता ने कहा कि इस सौदे को संपन्न करने में उन्हें स्कॉटलैंड सरकार और ट्रेड यूनियनों का पूरा सहयोग मिला। ब्रिटेन में टाटा के अन्य कारोबार खरीदने के लिए मूल्यांकन का काम जारी है। उन्होंने टाटा की प्लेट मिलों के अधिग्रहण के सौदे को पूरा करने के लिए खुशी जाहिर की। कहा कि इसमें करीब 150 नए रोजगार तैयार होंगे।