फिच रिपोर्ट : 8.3 फीसद की रफ्तार से विकास करेगा भारत
भारत के आर्थिक विकास को लेकर लगातार अनुमान जाहिर किए जा रहे हैं।
मुंबई। भारत के आर्थिक विकास को लेकर लगातार अनुमान जाहिर किए जा रहे हैं। अच्छी बात यह है कि सभी में आने वाले वर्षों में आर्थिक विकास के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद की जा रही है। इसी कड़ी में ग्लोबल रेटिंग एजेंसी फिच ने भी भारत की आर्थिक विकास दर के लिए अनुमान जारी किए हैं। उसके अनुसार, अगले वित्त वर्ष में भारत की आर्थिक विकास दर आठ फीसद पर पहुंचने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2016-17 में इसके बढ़कर 8.3 फीसद हो जाने के आसार हैं।
फिच ने अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के अपने आकलन सार्वजनिक किए हैं। इसमें कहा है कि ब्रिक्स देशों में भारत अकेला देश है जिसकी विकास दर वित्त वर्ष 2015-16 में आठ फीसद तक पहुंचने की उम्मीद है। एजेंसी ने यह आकलन सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आधार वर्ष में बदलाव के आधार पर किया है। इससे पहले उसने आगामी वित्त वर्ष के लिए 6.5 फीसद और वित्त वर्ष 2016-17 के लिए 6.8 फीसद की विकास दर के अनुमान व्यक्त किए थे।
हाल ही में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आइएमएफ) की प्रमुख क्रिस्टीन लगार्ड ने चालू वित्त वर्ष में देश की आर्थिक विकास दर के लिए 7.2 फीसद का अनुमान जताया था। उनका कहना था कि 2019 तक भारत की जीडीपी जापान और जर्मनी की संयुक्त जीडीपी को पार कर जाएगी।
फिलहाल फिच ने जीडीपी के आंकड़ों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप करने के लिए सरकार की सराहना की। साथ ही कहा कि सरकार ढांचागत सुधारों और वित्तीय एवं मौद्रिक सुधारों समेत जीडीपी बेहतर करने के कई प्रयास कर रही है। एजेंसी ने ग्लोबल विकास दर के लिए आगामी वित्त वर्ष में 2.7 फीसद और वित्त वर्ष 2016-17 के लिए तीन फीसद का अनुमान व्यक्त किया है।
एचएसबीसी ने भी चालू वित्त वर्ष में भारत की आर्थिक विकास दर 7.4 फीसद रहने का अनुमान जताया है। उसे अगले वित्त वर्ष में इसके 7.8 फीसद और वित्त वर्ष 2016-17 में 8.3 फीसद पर पहुंच जाने की उम्मीद है।