मीट निर्यात की बाधाएं दूर करेगा इंडोनेशिया
सिंह ने इंडोनेशिया के प्रतिनिधियों से कहा कि इन्हीं संभावनाओं को खंगालने के लिए नये सिरे से दोनों देशों एक साथ मिलकर कार्य करना शुरू कर दिया है।
नई दिल्ली,जागरण ब्यूरो। मीट निर्यात में आने वाली बाधाओं को इंडोनेशिया जल्दी ही दूर कर देगा। कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह से सोमवार को हुई मुलाकात में इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने यह भरोसा दिया। इससे मीट निर्यात में आने वाली रुकावट के दूर होने की संभावना बढ़ गई है।
मुलाकात के दौरान विदेशी मेहमानों का स्वागत करते हुए कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि दोनों देशों के लिए कृषि क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करने की असीम संभावनाएं हैं। कृषि आधारित अर्थव्यवस्था वाले इन देशों में कृषि शिक्षा व अनुसंधान के क्षेत्र में प्रगति की है। इसका परस्पर लाभ उठाया जा सकता है।
सिंह ने इंडोनेशिया के प्रतिनिधियों से कहा कि इन्हीं संभावनाओं को खंगालने के लिए नये सिरे से दोनों देशों एक साथ मिलकर कार्य करना शुरू कर दिया है। इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल में ग्रेट मूवमेंट पार्टी के नेता शामिल थे। इंडोनेशिया के 15 सदस्यीय शिष्टमंडल का नेतृत्व वहां के सांसद एच. अहमद मुजानी कर रहे थे। इस मौके पर मुजानी ने कहा कि भारत से पशुओं के मांस के निर्यात में आने वाली बाधाओं को जल्द से जल्द हटाने का प्रयास किया जाएगा।
कृषि मंत्री सिंह ने कहा कि भारत ने कृषि व संबद्ध क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है, जिससे खाद्यान्न की रिकॉर्ड पैदावार हुई है। इससे न केवल इस देश की 125 करोड़ से अधिक की आबादी की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई है बल्कि भारत ने कई देशों को खाद्यान्न का निर्यात भी किया है।