ऊंची कीमत, अधिक शुल्क ने बढ़ाई सोने की तस्करी
सोने की ऊंची कीमतों और आयात पर शुल्क की ऊंची दरों से बीते दो साल में सोने की तस्करी में बेतहाशा वृद्धि हुई है। इसका अंदाजा देश के विभिन्न हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर राजस्व खुफिया विभाग की कार्रवाई के आंकड़ों से लगाया जा सकता है।
नई दिल्ली। सोने की ऊंची कीमतों और आयात पर शुल्क की ऊंची दरों से बीते दो साल में सोने की तस्करी में बेतहाशा वृद्धि हुई है। इसका अंदाजा देश के विभिन्न हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर राजस्व खुफिया विभाग की कार्रवाई के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। इस साल अकेले मार्च में विभाग ने करीब 48 किलो तस्करी का सोना पकड़ा है।
सोने की सीधी तस्करी के अलावा इसे विभिन्न उपकरणों में छुपा कर लाने के भी कई मामले पकड़े गए हैं। विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक मार्च में 35.9 किलो 24 कैरेट सोना इलेक्ट्रॉनिक व अन्य वस्तुओं जैसे मीट ग्राइंडर, एलईडी ट्रैक लाइट, हॉट प्लेट, माइक्रोवेव अवन, वोल्टेज कन्वर्टर, वॉटर पंप मोटर, स्पीकर आदि से बरामद किया गया। वित्त मंत्रालय ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में इस बात की पुष्टि करते हुए बताया है कि इस अवधि में सीमा शुल्क अधिनियम के तहत तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
राजस्व खुफिया विभाग के आंकड़े बताते हैं कि साल 2013-14 और 2014-15 में सोने की तस्करी की रफ्तार काफी तेज रही। इसी अवधि में सोने के आयात को रोकने के लिए सरकार ने आयात शुल्क की दर में वृद्धि की थी। इसी अवधि में अंतरराष्ट्रीय बाजार से लेकर घरेलू बाजार में सोने की कीमत आसमान भी छू रही थीं। ये दोनों ही वजहें सोने की तस्करी के मामले बढ़ाने के लिए मुफीद साबित हुईं।
सोने की तस्करी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि साल 2014-15 में तस्करी के 169 मामले पकड़े गए। इनमें राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) ने 274.8 किलोग्राम सोना जब्त किया। जबकि इससे पहले साल 2013-14 में सोने की तस्करी के 148 मामलों को डीआरआइ ने पकड़ा था जिनमें 245.92 किलो सोना जब्त किया गया था। लोकसभा में पेश इन आंकड़ों के मुताबिक 2015-16 में जून तक डीआरआइ सोने की तस्करी के 44 मामलों को पकड़ चुका है। इनमें 77.45 किलो सोना बरामद हुआ है।
सोने की बढ़ती तस्करी
साल , पकड़े गए मामले , सोने की कीमत
2012-13 , 40 , 44.8
2013-14 , 148 , 245,92
2014-15 , 169 , 274.8
2015-16
(जून तक) , 44 , 77.45
(सोने की कीमत करोड़ रुपये में)