एटलस साइकिल का पूर्व अध्यक्ष नौ करोड़ की ठगी में गिरफ्तार
नौ करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में आर्थिक अपराध शाखा ने एटलस साइकिल कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर को गिरफ्तार किया है। सलिल के खिलाफ पहले डिफेंस कॉलोनी थाने में मामला दर्ज किया गया था लेकिन बाद में इसे आर्थिक अपराध शाखा में स्थानान्तरित कर दिया गया था।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नौ करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में आर्थिक अपराध शाखा ने एटलस साइकिल कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर को गिरफ्तार किया है। सलिल के खिलाफ पहले डिफेंस कॉलोनी थाने में मामला दर्ज किया गया था लेकिन बाद में इसे आर्थिक अपराध शाखा में स्थानान्तरित कर दिया गया था। मामले में कोर्ट ने सलिल को भगोड़ा घोषित कर दिया था। पुलिस आयुक्त ने उनकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा था।
पुलिस उपायुक्त मंगेश कश्यप के मुताबिक सतेंद्र नाथ ने डिफेंस कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि सुंदर नगर की एक प्रॉपर्टी बेचने पर फरवरी, 2012 में उन्हें 35 करोड़ रुपये मिले थे। इसमें 13 करोड़ रुपये उन्होंने अपने पारिवारिक दोस्त प्रशांत कपूर को किसी अन्य जगह निवेश करने के लिए दिए थे। प्रशांत ने अपने दोस्त सलिल कपूर की मदद से उनके 13 करोड़ रुपये ठग लिए। उधर, प्रशांत कपूर ने भी सलिल के खिलाफ डिफेंस कॉलोनी थाने में ठगी की एफआइआर दर्ज करा दी।
प्रशांत ने आरोप लगाया था कि 8 जून, 2012 को उनका सलिल कपूर के साथ एक लोन एग्रीमेंट हुआ था। इसमें डिफेंस कॉलोनी की एक प्रॉपर्टी को गिरवी रखकर प्रशांत ने पांच करोड़ रुपये सलिल को दिए थे। इस प्रॉपर्टी को गिरवी रखकर सलिल ने एक कंपनी से 2.75 करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया था। बीते 28 नवंबर को साकेत कोर्ट ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया था। छानबीन में पता चला कि सलिल ने सुनीता बंसल नाम की महिला से भी चार करोड़ रुपये की ठगी की है।