यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 08, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दुनिया के टॉप अरबपतियों ने 1 दिन में कमाए $3700 करोड़, हिलेरी के जीतने की उम्मीद में चढ़ा ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव नतीजों से ठीक पहले ई-मेल मामले में हिलेरी क्लिंटन को एफबीआई की क्लीन चिट मिलने से उनके जीतने की उम्मीद और पुख्ता होती दिख रही है

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव नतीजों से ठीक पहले ई-मेल मामले में हिलेरी क्लिंटन को एफबीआई की क्लीन चिट मिलने से उनके जीतने की उम्मीद और पुख्ता होती दिख रही है। इस खबर के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में मार्च के बाद अब तक की सबसे बड़ी बढ़त देखने को मिली। इस बढ़त में अमेरिकी बाजार के प्रमुख इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा उछल गए। शेयर बाजार की इस तेजी ने दुनिया के सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में 3540 करोड़ डॉलर का इजाफा किया। ब्लूमबर्ग के बिलेनायर इंडेक्स में 0.8 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। बंद भाव के हिसाब से न्यूयॉर्क में ट्रेड होने वाले इस इंडेक्स की वैल्युएशन बढ़त के बाद 4.4 लाख करोड़ डॉलर हो गई।

अमेरिका के ज्यादा अमीर लोग यह चाहतें हैं कि हिलेरी क्लिंटन 45वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लें। यह बात उनकी ओर से दोनों उम्मीदवारों को दी गई डोनेशन के आधार पर आंकी गई है। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक देश के 17 फीसदी अमीर लोगों ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार को डोनेशन दी है।
ब्लूमबर्ग के इंडेक्स में अमेरिकी अरबपतियों का हिस्सा एक तिहाई है। इनकी संपत्ति में कुल 2200 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ है। इस लिस्ट में अमेजन के फाउंडर जेफ बेजॉस 6820 करोड़ डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर हैं। बेजॉस की संपत्ति में कुल 2600 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीं दुनिया के चौथे सबसे धनी व्यक्ति की संपत्ति में 1500 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है और यह 6600 करोड़ डॉलर पर पहुंच गई है।
बाजार की यह तेजी सभी सेक्टर्स और इंडस्ट्री में फैली हुई थी। कुल 118 अरबपतियों की संपत्ति में 10 करोड़ डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ है। मेक्सिको के सबसे अमीर व्यक्ति कार्लोस स्लिम की संपत्ति में 2500 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीं दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बिल गेट्स की संपत्ति में 1500 करोड़ डॉलर जुड़े हैं। यह बढ़कर 8630 करोड़ डॉलर हो गई।
