टाटा ग्रुप को हो सकता है 1800 करोड़ डॉलर का नुकसान, मिस्त्री ने चेताया
टाटा ग्रुप के चेयरमैन पद से हटाए गए साइरस मिस्त्री ने कंपनी के निदेशकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनको पद से हटाए जाने का तरीका गलत था।
नई दिल्ली: टाटा ग्रुप के चेयरमैन पद से हटाए गए साइरस मिस्त्री ने कंपनी के निदेशकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनको पद से हटाए जाने का तरीका गलत था। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि चाय से लेकर सॉफ्टवेयर तक बनाने वाली कंपनी को 1800 करोड़ डॉलर का नुकसान उठाना पड़ सकता है क्योंकि ग्रुप की पांच कंपनियां घाटे में चल रही हैं। आपको बता दें कि बीते सोमवार को रतन टाट ने साइरस मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटाकर खुद कमान संभाल ली थी, वो अगले चार महीने तक (फरवरी 2017) अंतरिम चेयरमैन बने रहेंगे।
मिस्त्री ने कहा कि उन्हें बेहतर प्रदर्शन न करने का आरोप लगाते हुए निकाला गया जबकि उन्हें अपने बचाव का मौका भी नहीं दिया गया। यह बात साइरस मिस्त्री ने अपने एक ई-मेल के जरिए बताई। ई-मेल के जरिए अपना बचाव करते हुए मिस्त्री ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में विरासत में मिली कर्ज में लदी कंपनियों को उबारने की कोशिश की थी। इन कंपनियों में इंडियन होटल्स, टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हिकल्स ऑपरेशन्स, टाटा स्टील का यूरोप में फैला बिजनेस, साथ ही ग्रुप की ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी इकाई और इसकी टेलीकम्युनिकेशन इकाई शामिल है। मिस्त्री ने आगे कहा कि उन्होंने उन कंपनियों से भी 1,96,000 करोड़ की कमाई करके दिखाई, जो घाटे में चल रही थीं।