जानिए किन देशों में बिकता है पानी से सस्ता पेट्रोल, कहां हैं कीमतें 1 रुपए से भी कम
हम अपनी इस विज्डम खबर में पाठकों को ऐसे देशों के बारे में बता रहे हैं जहां पेट्रोल की कीमतें पानी से भी कम हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसे देश भी हैं जहां एक लीटर पेट्रोल खरीदने के लिए भारत की तुलना में दोगुने पैसे खर्च किये जाते हैं।
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के मद्देनजर भारत में ऑयल मार्केटिंग कंपनियां महीने में दो बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में हर महीने की 15 और 30/31 तारीख इस लिहाज से अहम हो जाती है। कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बाद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के अनुमान लगाए जा रहे हैं। हम अपनी इस विज्डम खबर में पाठकों को ऐसे देशों के बारे में बता रहे हैं जहां पेट्रोल की कीमतें पानी से भी कम हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसे देश भी हैं जहां एक लीटर पेट्रोल खरीदने के लिए भारत की तुलना में दोगुने पैसे खर्च किए जाते हैं।
किन देशों में महंगा है पेट्रोल:
- हॉन्ग कॉन्ग: साल 2016 के डेटा के मुताबिक हॉन्ग कॉन्ग में पेट्रोल 1.89 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर के हिसाब से बिकता है। अगर इस कीमत को भारतीय मुद्रा में बदला जाए तो हॉन्ग कॉन्ग में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 126.03 रुपए है।
- नार्वे: नार्वे में पेट्रोल 1.80 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से बिकता है। भारतीय मुद्रा में यह दर 126.03 रुपए होगी। आपको जानकर हैरानी होगी कि नार्वे में लोग पेट्रोल खरीदने के लिए अपनी मासिक आमदनी का 7.4 फीसदी हिस्सा खर्च कर देते हैं।
- आइसलैंड: आइसलैंड में 1.69 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर के हिसाब से पेट्रोल मिलता है। यह दर भारतीय मुद्रा में 112.7 रुपए होगी।
- नीदरलैंड: नीदरलैंड में पेट्रोल 1.66 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से बिकता है। भारतीय मुद्रा में यह दर 110.7 रुपए प्रति लीटर बैठेगी।
- डेनमार्क: डेनमार्क में पेट्रोल 1.64 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से बिकता है। भारतीय मुद्रा में यह दर 109.36 रुपए बैठेगी।
- इटली: यूरोप के बड़े देश इटली में पेट्रोल 1.62 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से बिकता है। भारतीय मुद्रा में यह दर 108.03 रुपए प्रतिलीटर होगी। इटली के लोग अपनी मासिक आय का 16 फीसदी हिस्सा पेट्रोल की खरीद में खंपाते हैं।
- ग्रीस: ग्रीस (यूनान) में पेट्रोल 1.61 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से बिकता है। भारतीय मुद्रा में यह दर 107.36 रुपए बैठेगी। यह देश फिलहाल बड़ी आर्थिक समस्या से जूझ रहा है।
- इजराइल: इजराइल में पेट्रोल 1.60 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से बिकता है। भारतीय मुद्रा में यह रकम 106.7 रुपए होगी।
- टर्की: टर्की में पेट्रोल 1.59 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से बिकता है। भारतीय मुद्रा में यह रकम 106.03 रुपए होगी। टर्की के लोग अपनी मासिक आय का 34 फीसदी हिस्सा पेट्रोल की खरीद में खंपाते हैं।
- स्वीडन: स्वीडन में पेट्रोल की कीमत 1.58 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर है। भारतीय मुद्रा में यह रकम 105.36 रुपए बैठेगी।
इस देशों में बिकता है सबसे सस्ता पेट्रोल:
- वेनेजुएला: वेनेजुएला में पेट्रोल की कीमतें 0.01 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर पर हैं। अगर इसे भारतीय मुद्रा में नापा जाए तो यह करीब 0.67 रुपए यानी 1 रुपए से भी कम कीमत बैठेगी। वेनेजुएला तेल निर्यातक देश है और अपने नागरिकों को इसपर सब्सिडी देता है।
- सउदी अरब: सउदी अरब में पेट्रोल 0.24 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से मिलता है, यानी भारतीय करेंसी के हिसाब से 16 रुपए। यह देश दुनिया के तेल स्रोत में 20 फीसदी की हिस्सेदारी रखता है।
- कुवैत: कुवैत में पेट्रोल की कीमत 0.34 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर है। यानी भारतीय मुद्रा के हिसाब से 22.67 रुपए प्रति लीटर।
- कतर: कतर में भी पेट्रोल की कीमत काफी कम है। यहां पेट्रोल 0.37 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से बिकता है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 24.67 रुपए बैठेगी।
- इक्वाडोर: इक्वाडोर में पेट्रोल के दाम 0.39 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर हैं। भारतीय करेंसी के हिसाब से यह रकम 26.01 रुपए बैठेगी।
- इरान: इरान में भी पेट्रोल की कीमत दुनिया के काफी सारे देशों से कम है। यहां पेट्रोल 0.39 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर की दर से बिकता है। यानी कि 26.01 रुपए प्रति लीटर।
- बहरीन: बहरीन में पेट्रोल 0.42 अमेरिकी डॉलर (28.01 रुपए) प्रति लीटर की दर से बिकता है।
- मलेशिया: मलेशिया में पेट्रोल 0.43 अमेरिकी डॉलर (28.67 रुपए) प्रति लीटर की दर से बिकता है।
- कजाखिस्तान: कजाखिस्तान में भी पेट्रोल की कीमतें कम हैं। यहां पेट्रोल 0.43 अमेरिकी डॉलर (28.67 रुपए) प्रति लीटर की दर से बिकता है।
- नाइजीरिया: नाइजीरिया में भी पेट्रोल की कीमतें कम हैं। यहां पेट्रोल 0.45 अमेरिकी डॉलर (30.01 रुपए) प्रति लीटर की दर से बिकता है।
(ये डेटा माई ट्रैवल कॉस्ट डॉट कॉम से लिए गए हैं। ये सारी कीमतें साल 10 अक्टूबर साल 2016 के आंकड़ों के आधार पर हैं।)