यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 26, 2012 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोल्ड ड्रिंक बाजार में छिड़ेगी नई जंग
नई दिल्ली। अमेरिकी बहुराष्ट्रीय शीतल पेय कंपनी कोका-कोला ने घरेलू बाजार में नई जंग छेड़ने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने मंगलवार को भारत में करीब 2

नई दिल्ली। अमेरिकी बहुराष्ट्रीय शीतल पेय कंपनी कोका-कोला ने घरेलू बाजार में नई जंग छेड़ने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने मंगलवार को भारत में करीब 28 हजार करोड़ रुपये [500 करोड़ डॉलर] का नया निवेश करने की घोषणा की है। समूह की विभिन्न कंपनियों के जरिए वर्ष 2020 तक यह निवेश होगा। नए निवेश से देश में हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। इसकी प्रतिद्वंद्वी पेप्सीको पहले ही देश में बड़े निवेश की घोषणा कर चुकी है। माना जा रहा है कि कोक के इस कदम के बाद पेप्सीको कुछ और निवेश की घोषणा कर सकती है।
पिछले साल नवंबर में भी कोक ने पांच साल में करीब 17 हजार करोड़ रुपये [300 करोड़ डॉलर] निवेश करने की घोषणा की थी। इसके तहत बॉटलिंग प्लांट लगाने सहित विभिन्न मदों में खर्च करने की घोषणा की गई थी। नया निवेश इससे इतर होगा। यानी आठ साल में कंपनी देश में 45 हजार करोड़ रुपये का भारी भरकम निवेश करेगी। मंगलवार को कोका कोला के को-चेयरमैन एवं सीईओ मुहतर केंट ने नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में कंपनी की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी 2020 तक दुनियाभर में अपने विकास कार्यक्रमों पर 3,000 करोड़ डॉलर [1.68 लाख करोड़ रुपये] खर्च करेगी। इसमें से 28,000 करोड़ रुपये भारत में खर्च किए जाएंगे।
केंट के मुताबिक घरेलू कोला बाजार लगातार बढ़ता जा रहा है। इसलिए कंपनी ने उत्पादन बढ़ाने और विपणन मजबूत करने पर बड़ा निवेश का निर्णय लिया है। इसके तहत नए बॉटलिंग प्लांट लगाने के साथ पुराने प्लांटों की बॉटलिंग क्षमता में भी इजाफा किया जाएगा। फिलहाल देश में कोक के 56 बॉटलिंग प्लांट हैं। इनमें से 23 कंपनी के अपने, 21 फ्रेंचाइजी आधार पर और 12 ठेके के आधार पर संचालित हो रहे हैं। कंपनी ने 2020 तक अपना वैश्विक राजस्व दोगुना करने का भी लक्ष्य रखा है।
उन्होंने बताया कि भारत कंपनी के शीर्ष पांच बाजारों में से एक है। वर्ष 2005-06 तक समूह की कुल कमाई में इसकी हिस्सेदारी 17वें नंबर पर थी। मगर अब यह सातवें नंबर पर पहुंच गई है। कंपनी के पेय उत्पादों में कोका कोला के अलावा, थम्स अप, स्प्राइट, माजा और मिनट मेड जैसे ब्रांड शामिल हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
