#PoK में सर्जिकल स्ट्राइक का असर, शेयर बाजार में निवेशकों के 2.45 लाख करोड़ डूबे
पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की खबर के बाद भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट के साथ बंद हुए हैं
नई दिल्ली। पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की खबर के बाद भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुए हैं। बाजार में आई गिरावट के चलते निवेशकों को 2.45 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। आज की गिरावट में प्रमुख सूचकांक 465 अंक की गिरावट के साथ 27827 के स्तर पर और निफ्टी 153 अंक लुढ़कर 8591 के स्तर पर बंद हुआ।
बाजार में आई बिकवाली के चलते स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में 2,45,360.72 करोड़ रुपए की कमी आई। एक्सपर्ट मान रहे हैं कि यदि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी रहता है तो आने वाले सत्रों में भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिल सकती है।
निफ्टी में शुमार शेयरों में से 5 हरे निशान में और 46 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। दिग्गज शेयरों की बात करें तो सबसे ज्यादा तेजी इंफ्राटेल (3.36 फीसदी), टीसीएस (0.60 फीसदी), आईटीसी (0.28 फीसदी), एम एंड एम (0.24 फीसदी) और ओएनजीसी (0.24 फीसदी) के शेयर्स में देखने को मिली है। वहीं, गिरावट भेल (7.51 फीसदी), अदानीपोर्ट (4.52 फीसदी), हिंडाल्को (4.37 फीसदी), ऑरोफार्मा (4.30 फीसदी) और बैंक ऑफ बड़ौदा (3.98 फीसदी) के शेयर्स में आई है। इंडेक्स की बात करें तो सभी सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा गिरावट रियल्टी (6.98 फीसदी) के इंडेक्स में आई है। वहीं, मिडकैप में 3.80 फीसदी और स्मॉलकैप में 5.81 फीसदी की गिरावट हुई है।