एक तिहाई महिलाएं ही करती हैं नेट इस्तेमाल
भारत में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले लोगों में महिलाओं की हिस्सेदारी केवल एक तिहाई ही है। यह जानकारी गूगल द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण में सामने आई है। सर्वेक्षण के मुताबिक, 49 प्रतिशत महिलाओं को इंटरनेट इस्तेमाल करने की कोई वजह नहीं नजर आती है। दरअसल महिलाओं में इंटरनेट
नई दिल्ली। भारत में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले लोगों में महिलाओं की हिस्सेदारी केवल एक तिहाई ही है। यह जानकारी गूगल द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण में सामने आई है। सर्वेक्षण के मुताबिक, 49 प्रतिशत महिलाओं को इंटरनेट इस्तेमाल करने की कोई वजह नहीं नजर आती है। दरअसल महिलाओं में इंटरनेट के फायदे को लेकर जागरूकता कम है। हालांकि कई महिलाएं ऐसी हैं जो जीवन में सफलता के लिए ऑनलाइन होना चाहती हैं।
सर्वेक्षण में आठ से 55 साल की 828 भारतीय महिलाओं को शामिल किया गया। इनके अनुसार, कनेक्शन की सुविधा, प्रयोग करने में असमर्थता और समय का अभाव ऐसे कारण हैं जिनके चलते वे इंटरनेट से दूर हैं। कई महिलाएं घर के कामकाज से फुर्सत नहीं मिल पाने और कुछ ससुराल वालों की नाराजगी के भय से इससे दूर रहती हैं।
सर्वेक्षण में इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों और नहीं करने वालों के बीच आय और जनसांख्यिकीय आधार पर भी अंतर पाया गया। इसके मुताबिक, इंटरनेट इस्तेमाल करने वाली महिलाएं थोड़े उच्च आय वर्ग से आती हैं। महिलाओं में अधिकतर कम उम्रवाली, अविवाहित और छात्र हैं। सर्वेक्षण में बताया गया कि कम उम्रवाली महिलाएं ऑनलाइन होने की इच्छा रखती हैं।