राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका सर्वोपरि : सीताराम पारीक
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली :
भारत विकास परिषद की ओर से पीतमपुरा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम पारीक ने कहा कि राष्ट्र की उन्नति और विकास के लिए मानव सेवा जरूरी है। यह तभी संभव है जब मानव सेवा का कार्य नि:स्वार्थ भाव से पूर्ण निष्ठा, विश्वास एवं लगन से किया जाए। पीतमपुरा स्थित केंद्रीय कार्यालय भारत विकास भवन में बैठक में उन्होंने कहा कि सेवा भाव देश की प्राचीन परंपरा एवं विशेषता रही है।
चार सत्रों में आयोजित इस बैठक में परिषद के कई सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने अपने-अपने विचार रखे। इस मौके पर सीताराम पारीक ने युवाओं की भी समुचित भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका सर्वोपरि है। इसलिए युवाओं में सेवाभावना विकसित करने की अत्यंत आवश्यकता है। दूसरी तरफ परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार वधवा ने सभी सदस्यों को सेवा भावना के साथ काम करने के संकल्पबद्ध रहने का आह्वान किया। विभिन्न सत्रों में विभाजित इस बैठक में राष्ट्रीय वित्त सचिव सच्चिदानंद पाडा ने लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इसके अलावा संगठन मंत्री एससी गुप्ता ने सागठनिक ढाचे एवं विस्तार पर चर्चा की। इस अवसर पर संयुक्त महामंत्री वी.शकर, युवा सहभागिता प्रकल्प संयोजक दौलत राव, एसी ओहरी, वाई.पी.गुप्ता आत्मदेव ने विभिन्न विषयों पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।