पाकिस्तानी कार्यकर्ताओं से जाधव को बचाने की अपील
मुंबई के प्रमुख एनजीओ हार्मोनी फाउंडेशन ने पाकिस्तानी शांति कार्यकर्ताओं से कुलभूषण एस. जाधव को बचाने की अपील की है।
मुंबई। मुंबई के प्रमुख एनजीओ हार्मोनी फाउंडेशन ने पाकिस्तानी शांति कार्यकर्ताओं से कुलभूषण एस. जाधव को बचाने की अपील की है। एनजीओ ने भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी के पक्ष में अभियान चलाने को कहा है। जाधव को पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है।
हार्मोनी फाउंडेशन के अध्यक्ष अब्राहम मथाई ने लाहौर की रहने वाली पाकिस्तानी शांति कर्मी सईद दीप को जाधव मामले में मदद के लिए पत्र भेजा है। सेंटर फॉर पीस एंड सेक्यूलर स्टडीज की निदेशक दीप अपने देश में जाधव का मामले में मदद का आश्वासन दिया है। उन्होंने इस मामले की सुनवाई उचित तरीके होने के पक्ष में अभियान शुरू करने पर सहमति जताई है।
मथाई ने अपने पत्र में बताया है कि जाधव को गिरफ्तार नहीं किया गया था बल्कि आतंकियों ने उनका अपहरण कर लिया था। यह आतंकी संगठन पाकिस्तान की मौजूदा सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तानी सैन्य अदालत ने प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत का पालन नहीं किया है इसलिए यह शर्मनाक है।