दही हांडी उत्सव में एक 'गोविंदा' की मौत, 45 घायल
पुलिस अधिकारी के अनुसार, दही हांडी तोडऩे के बाद वह मानव पिरामिड से नीचे उतर आया, लेकिन तुरंत बाद उसे मिरगी का दौरा पड़ गया।
मुंबई, प्रेट्र। देश भर में मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। मुंबई में इस अवसर जगह-जगह दही-हांडी समारोहों का आयोजन किया गया। हालांकि मुंबई से सटे पालघर में एक हादसा हो गया। मानव पिरामिड बनाते समय घायल हुए एक गोविंदा की मौत हो गई। शहर के अन्य इलाकों में भी कम से कम 45 गोविंदाओं के घायल होने की खबर है।
पुलिस ने बताया, पालघर में समारोह के दौरान 21 वर्षीय रोहन किनी को मिरगी का दौरा पड़ गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी के अनुसार, दही हांडी तोडऩे के बाद वह मानव पिरामिड से नीचे उतर आया, लेकिन तुरंत बाद उसे मिरगी का दौरा पड़ गया। अस्पताल ले जाने के दौरान करीब शाम 6:30 बजे उसकी मौत हो गई।नागरिक निकाय के अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई में शाम पांच बजे तक 45 गोविंदा घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के उपलक्ष्य में मनाये जाने वाले इस त्योहार पर जीएसटी की मार दिखी। अन्य वर्षो की अपेक्षा इस बार वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), आयकर की नजर और नोटबंदी के कारण कम संख्या में दही-हांडी समारोहों का आयोजन हुआ। हालांकि बारिश और घायल होने का डर गोविंदाओं के उत्साह को कम नहीं कर सका, क्योंकि उनमें से सैकड़ों को ट्रक और टेम्पो पर सवार होकर एक हांडी स्थल से दूसरे तक घूमते देखा गया।
यह भी पढ़ें: दही हांडी में 14 साल से कम उम्र के किशोर नहीं लेंगे भाग