25 अगस्त को नीलाम होगा माल्या की कारों का काफिला
उद्योगपति विजय माल्या के किंगफिशर हाउस की असफल नीलामी के बाद एसबीआई अब उनकी कारों की नीलामी करने जा रहा है।
वरुण सिंह (मिड डे), मुंबई। विजय माल्या के प्रसिद्ध किंगफिशर हाउस की असफल नीलामी के बाद भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) माल्या के कारों की नीलामी करने जा रहा है। नीलामी 25 अगस्त को होगी। इसमें सबसे सस्ती कार की कीमत 90 हजार तय की गई है।
आयकर और सेवाकर विभाग के साथ मिलकर एसबीआइकैप ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड इस नीलामी का आयोजन करेगी। नीलामी में कुल आठ कारें शामिल होंगीं। इससे न्यूनतम 13.70 लाख मिलने की उम्मीद है। नीलाम होने वाली कारों में टोयोटा इनोवा, होंडा सिटी जेडएक्स, होंडा सिटी इएक्सआइ, हुंडई जिप ड्राइव, हुंडई इलेंट्रा, टोयोटा कोरोला और होंडा सिविक मॉडल की कारें हैं।
पढ़ें- नीलामी के लिए 15 करोड़ कम की गई किंगफिशर हाउस की कीमत
नीलामी में शामिल होने के लिए बोलीकर्ता को कार की तय कीमत का 10 फीसद जमा कराना होगा। भाग लेने की अंतिम तारीख 23 अगस्त तय की गई है। रजिस्ट्रेशन फीस 2,000 रुपये है। कारों को 'जहां हैं और जैसी हैं' की तर्ज पर नीलाम किया जाएगा। 29 जुलाई और पांच अगस्त को कारों को देखा और जांचा जा सकता है। मालूम हो कि किंगफिशर एयरलाइंस के मालिक विजय माल्या पर विभिन्न बैंकों का करीब 9,000 करोड़ रुपये कर्ज है। कर्ज की वसूली के लिए बैंक उनकी संपत्तियों की नीलामी कर रहे हैं।