राकांपा के सांसद उदयराजे भोसले धन उगाही में गिरफ्तार
छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयराजे महाराष्ट्र की सतारा लोकसभा सीट से सांसद हैं।
मुंबई, जेएनएन। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सांसद उदयराजे भोसले को जबरन धन उगाही और हत्या के प्रयास के मामले में मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी बांबे हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद हुई। छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयराजे महाराष्ट्र की सतारा लोकसभा सीट से सांसद हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने यहां बताया कि उदयराजे ने खुद को सतारा पुलिस स्टेशन के प्रभारी के समक्ष पेश किया जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जबरन धन उगाही और हत्या के प्रयास के मामले में निचली अदालत से अग्रिम जमानत नहीं मिलने पर भोसले ने हाई कोर्ट का रुख किया था। लेकिन हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा। सतारा की एक मैन्युफैक्र्चंरग कंपनी के मालिक रविकुमार जैन का आरोप है कि उदयराजे और उनके समर्थकों ने उनसे जबरन पैसे मांगे थे।