महाराष्ट्र में होगा मध्यावधि चुनाव : शरद पवार
राकांपा सुप्रीमो शरद पवार ने महाराष्ट्र में भाजपा सरकार यदि 23 फरवरी को मुंबई मनपा चुनाव परिणाम आने के बाद गिरती है, तो राकांपा मध्यावधि चुनाव का सामना करने को तैयार है।
मुंबई/पुणे। राकांपा सुप्रीमो शरद पवार ने महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव होने का संकेत दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि राज्य में भाजपा सरकार यदि 23 फरवरी को मुंबई मनपा चुनाव परिणाम आने के बाद गिरती है, तो राकांपा मध्यावधि चुनाव का सामना करने को तैयार है।
पवार ने कहा कि राज्य में ढाई वर्ष में विधानसभा का फिर से चुनाव होने पर महाराष्ट्र का ज्यादा कुछ नुकसान नहीं होगा। राकांपा सुप्रीमो का यह बयान काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 2014 में विधानसभा चुनाव परिणाम आने पर जब भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, तो राकांपा ने ही उसे परोक्ष रूप से सदन में बहुमत साबित करने में मदद की थी। सूबे में मध्यावधि चुनाव होने का संकेत देने के साथ ही पवार ने एक मराठी न्यूज चैनल को दिये इंटरव्यू में कहा,‘भाजपा और शिवसेना के नेताओं के बीच अब अच्छे संबंध नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि पहले लालकृष्ण आडवाणी, अटलबिहारी वाजपेयी जैसे भाजपा के बड़े नेताओं के शिवसेना के नेताओं के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध हुआ करते थे। मगर अब पहले जैसी परिस्थिति नहीं रही। शिवसेना और भाजपा के नेताओं के बीच इस वक्त आरोप-प्रत्यारोप की स्पर्धा छिड़ी हुई है। दोनों दल के नेता निचली स्तर पर जाकर बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुंबई मनपा चुनाव में भले ही युती तोड़ने की घोषणा शिवसेना ने की हो, मगर असल में गठबंधन भाजपा की वजह से टूटा है। केंद्र के भाजपा नेताओं और उद्धव ठाकरे के बीच कटूता होने की वजह से संवाद नहीं होते हैं।
महाराष्ट्र में नहीं होगा मध्यावधि चुनाव : भाजपा
शरद पवार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार ने कहा,‘दूरदृष्टि वाले ‘जाणता राजा’ शरद पवार के बयान का उल्टा अर्थ होता है। यह बात राजनीति के जानकार कहते हैं। इसलिए महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव होने की संभावना नहीं है। सरकार को किसी भी प्रकार का कोई धोखा नहीं है। यह बात खुद मुख्यमंत्री भी कह चुके हैं। भाजपा को भी यह विश्वास है।’
गौरतलब है कि मुंबई मनपा चुनाव में शिवसेना और भाजपा के बीच गठबंधन टूटने के बाद से ही राज्य में मध्यावधि चुनाव होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। - शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने भी कहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार नोटिस पीरियड पर चल रही है। यदि भाजपा के चाल-चलन ठिक नहीं रहे, तो महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। उद्धव के बाद अब पवार द्वारा भी महाराष्ट्र में मुंबई मनपा चुनाव परिणाम आने के बाद मध्यावधि चुनाव होने की संभावना व्यक्त किये जाने पर सूबे में सियासी सरगर्मी तेज होने वाली है।