मारिया को प्रमोशन, शीना केस की जांच मारिया ही करेंगे
शीना हत्याकांड की अधूरी जांच के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार सुबह अचानक मुंबई के पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया का प्रमोशन कर उन्हें हटा दिया। इससे सवाल उठे तो शाम को सरकार ने स्पष्ट किया कि शीना केस की जांच मारिया ही करेंगे। मारिया को डीजी होमगार्ड बनाया।
मुंबई। शीना हत्याकांड की अधूरी जांच के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार सुबह अचानक मुंबई के पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया का प्रमोशन कर उन्हें हटा दिया। इससे सवाल उठे तो शाम को सरकार ने स्पष्ट किया कि शीना केस की जांच मारिया ही करेंगे। मारिया को डीजी होमगार्ड और उनके स्थान पर जावेद अहमद को मुंबई का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
30 तक होना था प्रमोशन
मारिया का प्रमोशन 30 सितंबर तक होना था, लेकिन उन्हें 22 दिन पूर्व ही तुरंत प्रमोशन व ट्रांसफर की सौगात देकर डीजी होमगार्ड बना दिया गया। उनके प्रमोशन व जावेद अहमद की नियुक्ति का काम तत्काल प्रभाव से किया गया। महाराष्ट्र के अतिरिक्त मुख्य सचिव [गृह] केपी बख्शी ने मारिया के तुरत-फुरत प्रमोशन व ट्रांसफर की वजह आगामी गणपति महोत्सव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की चुनौती है। बीच महोत्सव में मारिया के प्रमोशन से मुश्किल आती। शीना हत्याकांड की जांच से इसका लेना-देना नहीं है। हालांकि विवाद पैदा होने पर बख्शी ने शाम को स्पष्ट किया कि मारिया ही आरोप पत्र दायर होने तक शीना मर्डर केस की निगरानी करेंगे।
मुख्यमंत्री फडणवीस थे खफा
सूत्रों के अनुसार मारिया को हटाने की वजह मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की नाराजी है। उनका कहना था कि शीना हत्याकांड में मारिया ज्यादा रचि क्यों ले रहे हैं? अन्य केस भी हैं। शीना केस के अत्यधिक मीडिया कवरेज से भी वे नाराज बताए गए हैं।
जांच टीम नहीं हटाई : अहमद
मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर अहमद ने कहा है कि शीना हत्याकांड की जांच पेशेवर तरीके से ही की जाएगी। जो टीम जांच कर रही है, उसे नहीं हटाया गया है। केस के वित्तीय या अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच होगी। अहमद का नाम 2013 में भी कमिश्नर पद के लिए आया था, लेकिन उनकी बजाए मारिया को यह पद दिया गया था।
आरोपों पर मारिया के जवाब
आरोप : शीना हत्याकांड की जांच में ज्यादा रचि ले रहे थे?
जवाब : सारी बड़ी घटनाओं पर नजर रखता हूं। शीना हत्याकांड भी वैसा ही है।
आरोप : पुलिस कमिश्नर खुद थाने जाकर घंटों पूछताछ करे, यह ठीक नहीं
जवाब : इंद्राणी सिर्फ अंग्रेजी बोलती थी, पुलिस जवानों को अंग्रेजी नहीं आती, इसलिए मदद के लिए गया था।
आरोप : पीटर मुखर्जी से रिश्ते हैं?
जवाब : इंद्राणी मुखर्जी के पति पीटर मुखर्जी से पहली बार पूछताछ के वक्त ही मिला था।
पीटर व पवार से रिश्ते के कारण हटाया : सत्यपाल
मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर व अब भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह का कहना है मारिया के पीटर मुखर्जी व राकांपा प्रमुख शरद पवार से रिश्ते हैं। इसलिए उन्हें हटाया गया है।
ललित मोदी से मिले थे मारिया
राकेश मारिया का नाम आईपीएल के दागदार चेहरे ललित मोदी विवाद में भी उछला था। एक वीडियो सामने आया था, जिससे पता चला था कि जुलाई 2014 में लंदन यात्रा के दौरान वह मोदी से मिले थे। तब मोदी ने उन्हें दाऊद इब्राहीम से जान के खतरों के बारे में बताया था। इस मामले में महाराष्ट्र सरकार ने उनसे सफाई मांगी थी।
केन्द्र व कार्पोरेट के दबाव में हटाया
संजय निरूपम, कांग्रेस नेता ने कहा कि मारिया का ट्रांसफर केन्द्र सरकार व कार्पोरेट घरानों के दबाव में किया गया है। जिनके निहीत स्वार्थ हैं।
22 दिन रुक सकते थे
सचिन अहीर, राकांपा प्रमुख ने कहा कि प्रमोशन में अनावश्यक जल्दबाजी से सवाल उठ रहे हैं। सरकार 30 सितंबर तक रक सकती थी।