नारायण राणे ने बनाई नई पार्टी, भाजपा से गठजोड़ के दिए संकेत
नारायण राणे ने महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष (एमएसपी) नाम से नए दल का गठन किया है।
मुंबई, प्रेट्र। हाल ही में कांग्रेस से नाता तोड़ने वाले कोकण क्षेत्र के दिग्गज नारायण राणे ने महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष (एमएसपी) नाम से नए दल का गठन किया है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री राणे ने रविवार को अपनी नई पार्टी बनाने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने भाजपा के साथ गठबंधन करने के संकेत भी दिए।
जल्दबाजी में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, 'अभी-अभी मैंने नई पार्टी गठित की है। इसमें कुछ लोगों के शामिल होने का इंतजार कर रहा हूं। इसके बाद ही भविष्य के बारे में फैसला लूंगा।' भाजपा से चुनावी गठजोड़ के बारे में उनका कहना था, 'वहां भी मेरे मित्र हैं।
उस पार्टी से मेरा कोई विवाद नहीं है। लेकिन पहले मुझे अपनी पार्टी खड़ी करने लेने दीजिए। उसके बाद ही मैं अपने भावी कदम के बारे में घोषणा करूंगा।' राणे ने कहा, 'मैं महाराष्ट्र का फिर मुख्यमंत्री बनना चाहता हूं। यह महत्वाकांक्षा कभी मरी ही नहीं। सही समय का इंतजार करूंगा।'
राणे के इस कदम से पहले महाराष्ट्र के सियासी गलियारे में इस तरह की अफवाह तेज थी कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। पिछले हफ्ते उन्होंने दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात भी की थी। इसके बाद नारायण राणे ने कांग्रेस से त्यागपत्र दे दिया।
आरोप लगाया कि 12 वर्ष पहले जब उन्होंने शिवसेना छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था तो उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया गया था। लेकिन कांग्रेस ने उनसे किया वादा कभी पूरा नहीं किया। कांग्रेस से नाता तोड़ते हुए नारायण राणे ने महाराष्ट्र विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। ध्यान रहे कि शिवसेना में रहते हुए नारायण राणे 1999 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने थे।