विधान परिषद निकाय चुनाव: कांग्रेस और राकांपा में फंसा सीट बंटवारे का पेंच
विधान परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस-राकांपा में सीट बंटवारे का एक बार फिर पेंच फंस गया है। स्थानीय निकाय कोटे की रिक्त हो रहीं 6 सीटों में से राकांपा 5 पर लड़ना चाहती है। जबकि कांग्रेस इसके खिलाफ है। पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण का कहना है कि बंटवारा तीन-तीन सीटों का हो अथवा दोनों दल मित्रवत लड़ें।
मुंबई। विधान परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस-राकांपा में सीट बंटवारे का एक बार फिर पेंच फंस गया है। स्थानीय निकाय कोटे की रिक्त हो रहीं 6 सीटों में से राकांपा 5 पर लड़ना चाहती है। जबकि कांग्रेस इसके खिलाफ है। पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण का कहना है कि बंटवारा तीन-तीन सीटों का हो अथवा दोनों दल मित्रवत लड़ें। इन 6 सीटों का कार्यकाल आगामी 5 दिसंबर को पूरा हो रहा है। इनमें से 4 सीटें राकांपा, एक कांग्रेस और एक सीट भाजपा के पास है। राकांपा सिटिंग-गेटिंग फार्मूले पर कांग्रेस के साथ सीट बंटवारा चाहती है।
नांदेड़ स्थानीय प्राधिकारी सीट फिलहाल कांग्रेस के पास है और वह यवतमाल सीट पर भी अपना दावा जता रही है। चव्हाण के गृह जिले सतारा-सांगली सीट पर फिलहाल राकांपा का कब्जा है, लेकिन इस बार चव्हाण यह सीट लेना चाहते हैं। जबकि राकांपा इसके लिए तैयार नहीं है। राकांपा की तरफ से पृथ्वीराज पर हो रहे हमले के पीछे सीट बंटवारे को ही मुख्य कारण माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा है कि दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है। पृथ्वीराज चव्हाण को विश्वास में लेकर ही कोई फैसला लिया जाएगा। हालांकि इस संबंध में अब तक अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
ये सीटें हो रही हैं रिक्त :
नांदेड़ (कांग्रेस), सांगली-सतारा (राकांपा), भंडारा-गोंदिया (राकांपा), यवतमाल (राकांपा), पुणे (राकांपा) और जलगांव (भाजपा)।
स्नातक निर्वाचन : कांग्रेस ने तय किए दो उम्मीदवार
कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन सीट पर चुनाव के लिए बुधवार को दो उम्मीदवारों के नाम तय किए। अमरावती स्नातक निर्वाचन सीट से संजय खोडके और नाशिक सीट से डॉ. सुधीर तांबे को प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इन दो नामों का ऐलान किया है।