लोकसभा, विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाने पर आमराय बनाएगी सरकार
देश में लोकसभा और सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की दिशा में केंद्र सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। इस संबंध में जल्द ही संसद में विधेयक पेश किया जाएगा।
मुंबई। देश में लोकसभा और सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की दिशा में केंद्र सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। इस संबंध में जल्द ही संसद में विधेयक पेश किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद रावसाहब दानवे ने इस तरह के संकेत दिए हैं। कहा कि इस मुद्दे पर सभी दलों से बातचीत कर आमसहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। दानवे ने कहा कि आगामी जिला परिषद और नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर पार्टी ने चुनावी तैयारी शुरू कर दी है।
जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अधिकांश जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा हो गया है। बीड व चंद्रपुर समेत 3 जिलों में भी जल्द प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा।
पृथक विदर्भ पर दानवे के बदले सुर
पृथक विदर्भ के मुद्दे पर विवादों में घिरने के बाद दानवे के सुर अब बदल गए हैं। उन्होंने कहा, “पृथक विदर्भ के मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी भूमिका स्पष्ट कर दी है। मुख्यमंत्री की भूमिका ही मेरी भूमिका है।” इससे पहले दानवे ने कहा था कि भाजपा पृथक विदर्भ के पक्ष में है। हम विदर्भ राज्य बनाकर ही रहेंगे। इस मुद्दे पर दिए बयान को लेकर उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली। कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया। मीडिया को नसीहत देते हुए कहा, “पहले मेरे बयान का वीडियो देखिए, फिर बात करिए।”
अपनी ताकत जानने पार्टी कराएगी सर्वे
प्रदेश अध्यक्ष दानवे ने बताया कि बीएमसी चुनाव से पहले भाजपा आंतरिक सर्वे करा रही है। इसके जरिए पार्टी की स्थिति के बारे में पता चल सकेगा। मनपा चुनाव तक कई दौर में सर्वे का काम चलता रहेगा। मनपा चुनाव में शिवसेना-भाजपा गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा।