फेसबुक फ्रेंड से जम्मू मिलने जा रही नाबालिग का मुंबई में गैंगरेप
शहर के धारावी इलाके में चार युवकों पर लगा है एक नाबालिग लड़की को जबरन शराब पिलाकर उसके साथ गैंगरेप का आरोप। पीड़ित अपने फेसबुक फ्रेंड से मिलने के लिए जम्मू जा रही थी और रास्ते में उसका अपहरण कर गैंगरेप किया गया।
मुंबई। शहर के धारावी इलाके में चार युवकों पर लगा है एक नाबालिग लड़की को जबरन शराब पिलाकर उसके साथ गैंगरेप का आरोप। पीड़ित अपने फेसबुक फ्रेंड से मिलने के लिए जम्मू जा रही थी और रास्ते में उसका अपहरण कर गैंगरेप किया गया।
मामला 24 मई का है। पुलिस ने इस मामले में गुरुवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आठवीं की पढ़ाई कर रही पीड़ित अंधेरी में रहती है। फेसबुक से जम्मू-कश्मीर के रहनेवाले एक लड़के से दोस्ती हुई थी। उससे मिलने के लिए पीड़ित जम्मू जाना चाहती थी लेकिन उसके घरवालों ने उसे मना किया। घरवालों की नजर चुराकर वह देर रात घर से निकली और कुर्ला स्टेशन जा पहुंची। स्टेशन पर उसकी मुलाकात दिनेश यादव (उम्र 20) और उमेश कवाड़े (19) से हुई। वे दोनों पीडित लड़की को मदद करने के बहाने शिवाजी टर्मिनस स्टेशन ले गए। वहां पर उन्होंने लड़की से कहा कि, "आज कश्मीर के लिए कोई ट्रेन नहीं हैं। इसलिए आज की रात हमारे घर पर रहो।" लड़की ने उनकी बात मानी और आरोपी उसे धारावी में एक बंद पड़े कारखाने में ले गए। वहां पर सलमान खान(20) और राजकुमार सिंह(24) पहले से मौजूद थे। चारों ने उसे जबरन शराब पिलाई और उसके साथ गैंगरेप किया।
देर रात 11 बजे सामाजिक कार्यकर्ता जमीर खान को धारावी के एक होटल के पास यह लड़की रोती हुई नजर आई। पूछताछ के बाद लड़की ने आप बीती सुनाई। जमीर खान ने पुलिस और लड़की के घरवालों को इस बारे में जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी और तकरीबन 6 घंटे के भीतर ही एक आरोपी सलमान पुलिस की गिरफ्त में आया। इसके बाद दो और आरोपी दिनेश और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उमेश कवाड़े फरार चल रहा है। वह लेदर पर्स बनाने के कारखाने में काम करता है।