1993 के मुंबई धमाकों में छह दोषियों को मृत्युदंड की अपील
वर्ष 1993 में मुंबई में हुए सीरियल बम ब्लास्ट के छह दोषियों के लिए अभियोजन पक्ष ने अदालत से मृत्युदंड की अपील की है।
मुंबई, प्रेट्र। वर्ष 1993 में मुंबई में हुए सीरियल बम ब्लास्ट के छह दोषियों के लिए अभियोजन पक्ष ने अदालत से मृत्युदंड की अपील की है। अभियोजन पक्ष ने कोर्ट में दलील दी कि ऐसे जघन्य अपराध के लिए किसी भी सभ्य देश में फांसी से कम सजा नहीं हो सकती है।
केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआइ के विशेष वकील दीपक साल्वे ने गुरुवार को आग्रह किया कि अदालत को यह ध्यान में रखना चाहिए कि इन बम धमाकों में 257 लोगों की जान चली गई थी और 713 अन्य लोग घायल हुए थे। आतंकवाद से निपटने के लिए तब आतंकवाद निरोधक अदालतों का गठन किया गया था। अदालत ने पिछले हफ्ते ही छह लोगों को दोषी करार दिया है।
23 साल पुराने इन बम धमाकों में गैंगस्टर अबू सलेम और मुस्तफा दौसा को भी सजा सुनाई जानी है। साल्वे ने कहा कि इन छह में से पांच लोगों पर टाडा के प्रावधानों के तहत हत्या और साजिश के आरोप लगाए गए हैं। इसके लिए सजा-ए-मौत दी जा सकती है।