मुंबई में आज दाऊद के भांजे का निकाह, स्काइप के जरिए शादी देख सकते है डॉन
अंडरवर्ल्ड डाॅन दाऊद इब्राहिम के भांजे अलीशाह पारकर का निकाह बुधवार को मुंबई में होगा। दाऊद इस निकाह में स्काइप के जरिए जुड़ सकता है। निकाह साउथ मुंबई की रसूल मस्जिद में होगा।
मुंबई। अंडरवर्ल्ड डाॅन दाऊद इब्राहिम के भांजे अलीशाह पारकर का निकाह बुधवार को मुंबई में होगा। दाऊद इस निकाह में स्काइप के जरिए जुड़ सकता है। निकाह साउथ मुंबई की रसूल मस्जिद में होगा। इसमें परिवार के ही लोगों के शामिल होने की संभावना है। दावत-ए-वलीमा रात 9 बजे जुहू के ट्यूलिप होटल में होगा। इसमें करीब 800 मेहमान शामिल होंगे। अलीशाह पारकर दाऊद की बहन हसीना पारकर का छोटा बेटा है।
मुंबई के बिजनेसमैन परिवार में हो रहा है निकाह
अलीशाह का निकाह मुंबई के बिजनेसमैन सिराज नागानी की बेटी आयशा से हो रहा है। सुबह 11 बजे रसूल मस्जिद में निकाह से वक्त परिवार के 15 लोग ही रहेंगे। दाऊद का भाई इकबाल कासकर भी इसमें शामिल हो सकता है। इकबाल पिछले साल अवैध वसूली के मामले में जेल जा चुका है। हालांकि, बाद में उसे बेल मिल गई। मुंबई पुलिस के 10 से ज्यादा अफसर वलीमे की दावत पर कड़ी नजर रखेंगे। उनकी नजर इस बात पर होगी कि अंडरवर्ल्ड का कोई गैंगस्टर इसमें शामिल होता है या नहीं।
हसीना संभालती थी दाऊद का मुंबई का कारोबार
दाऊद 1993 के मुंबई ब्लास्ट और दंगों का मुख्य आरोपी है। मुंबई दंगे में 257 लोग मारे गए थे जबकि 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। दाउद के दुबई भागने के बाद उसका बहनोई इब्राहिम पारकर उसका कारोबार संभालने लगा था। गैंगवार के चलते अरुण गवली गैंग ने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दाऊद की बहन हसीना पारकर ने सारा कारोबार हैंडल करना शुरू कर दिया। 2006 में हसीना के बड़े बेटे दानिश की भी सड़क हादसे में मौत हुई थी। 2014 में हसीना की भी मौत हो गई थी। पिछले साल हसीना की बेटी उमैरा की शादी हुई थी। लेकिन हसीना की मौत को एक साल से कम होने के कारण यह शादी बेहद सादगी से हुई थी।