तीन दिसंबर तक होगा मंत्रिमंडल का विस्तार: दानवे
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा ने सोमवार को गठबंधन के घटक दलों के साथ बैठक की। बैठक में भाजपा ने चारों घटक दलों को समान रूप से प्रतिनिधित्व देने का भरोसा दिया। अब माना जा रहा है कि 3 दिसंबर तक मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।
मुंबई। राज्य मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा ने सोमवार को गठबंधन के घटक दलों के साथ बैठक की। बैठक में भाजपा ने चारों घटक दलों को समान रूप से प्रतिनिधित्व देने का भरोसा दिया। अब माना जा रहा है कि 3 दिसंबर तक मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे ने बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में घटक दलों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई। हमारे सहयोगी दलों ने किसी मंत्रालय विशेष की मांग नहीं की। हम घटक दलों को दिए वादे को पूरा करेंगे।
दानवे ने बताया कि भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख तय हो जाएगी। यह बैठक पीडब्ल्यूडी मंत्री चंद्रकांत पाटील के आवास पर हुई। इसमें आरपीआई-ए के अध्यक्ष रामदास आठवले, स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के राजू शेट्टी, राष्ट्रीय समाज पक्ष के महादेव जानकर और शिवसंग्राम के विनायक मेटे मौजूद थे।