आप ने महाराष्ट्र इकाई भंग की
आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को अपनी महाराष्ट्र इकाई को भंग कर दिया। इस फैसले पर तीव्र प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मयंक गांधी ने पार्टी समन्वयक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तीखी आलोचना की।
मुंबई। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को अपनी महाराष्ट्र इकाई को भंग कर दिया। इस फैसले पर तीव्र प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मयंक गांधी ने पार्टी समन्वयक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तीखी आलोचना की। गांधी ने कहा कि ओछी राजनीति कर केजरीवाल संगठन का मटियामेट कर रहे हैं।
आप की वेबसाइट पर फैसला पोस्ट किया गया है। इसमें कहा गया है कि पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने महाराष्ट्र में सभी समूहों को भंग कर दिया है।
पार्टी के इस फैसले पर गांधी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल राज्य में पार्टी का सफाया करने पर तुले हैं। गांधी महाराष्ट्र के सबसे प्रमुख चेहरा हैं।
उन्होंने कहा, 'आप के लोग गंदगी को साफ करने का मकसद लेकर पार्टी गठित की और राजनीति में आए। दुर्भाग्य से इसके विपरीत इसके सदस्य ओछी राजनीति से बुरी तरह ग्रस्त हो गए हैं।' अपना असंतोष जाहिर करने के लिए उन्होंने ट्विटर का सहारा लिया है।
उन्होंने ट्वीट किया है, 'बेहतर ढंग से काम कर रही महाराष्ट्र टीम भंग। दुखद है कि राजनीति जीत गई। आलाकमान को मुझे पार्टी से निकालने दीजिए। लेकिन सच तो यह है कि खुद आलाकमान ही महाराष्ट्र में पार्टी का सफाया करने में जुटा है।'