मालेगांव धमाकों के आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद ने जमानत की अर्जी दी
मालेगांव धमाकों के आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद श्रीकांत पुरोहित और सुधाकर द्विवेदी ने जमानत की अर्जी दी है। अर्जी में कहा गया है कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें झूठे आरोपों में फंसाया गया है।
मुंबई। मालेगांव धमाकों के आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद श्रीकांत पुरोहित और सुधाकर द्विवेदी ने जमानत की अर्जी दी है। अर्जी में कहा गया है कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें झूठे आरोपों में फंसाया गया है। मालेगांव धमाकों के आरोप में पुरोहित और दूसरे आरोपियों को साढ़े छह साल पहले गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं है।
उनकी जमानत अर्जी पर मेरिट (योग्यता) के आधार पर फैसला किया जाना चाहिए। आरोपियों ने वकील श्रीकांत शिवदे के जरिए विशेष एनआईए अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की है। इस पर अगले महीने सुनवाई हो सकती है।
अर्जी में पुरोहित ने कहा है कि अभियोजन पक्ष भी यह स्वीकार करता है कि धमाके के वक्त वे मध्यप्रदेश के पंचगनी में थे। जहां उन्हें तैनात किया गया था।
साथ ही कहा गया है कि विशेष न्यायाधीश ने महसूस किया था कि उन्हें जमानत मिलनी चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हुआ क्योंकि उनके खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अर्जी में यह भी दावा किया गया है कि सेना में पुरोहित का सराहनीय रिकार्ड रहा है। जिस तरह से उनकी गिरफ्तारी हुई इससे पता चलता है कि वे राजनीतिक साजिश के शिकार हुए हैं।