नेवी ऑफिसर की बेटी से नौसेना के ही सोल्जर्स ने किया रेप
नौसेना अधिकारी की 14 साल की बेटी को बहला फुसलाकर साल भर दुष्कर्म करने के आरोप में कफ परेड पुलिस ने नौसेना के ही तीन जवानों समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई। नौसेना अधिकारी की 14 साल की बेटी को बहला फुसलाकर साल भर दुष्कर्म करने के आरोप में कफ परेड पुलिस ने नौसेना के ही तीन जवानों समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चौथा आरोपी फिलहाल मुंबई से बाहर है। आरोपी नौसेना के जवानों के नाम पृथ्वी चव्हाण, पवन उर्फ ओमपाल सिंह और राकेश सिंह हैं जबकि चौथे आरोपी का नाम जीतेंद्र सिंह है। नौवीं कक्षा में पढऩेवाली लड़की रोजाना ट्यूशन जाती थी। इसी दौरान राकेश ने उससे दोस्ती की और एक मोबाइल फोन तोहफे में दिया। पृथ्वी ने राकेश से नंबर हासिल किया और वह भी लड़की से बात करने लगा।
पृथ्वी ने इसी साल जून में लड़की को उसकी बिल्डिंग की छत पर बुलाया और शारीरिक संबंध बनाने को कहा। लड़की ने इनकार किया तो पृथ्वी ने धमकी दी कि उन दोनों के बीच फोन पर हुई बातचीत उसने रिकार्ड कर रखी है जिसे वह उसके पिता को सुना देगा। इसके बाद दूसरे आरोपी लड़की को यह कह कर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने लगे कि अगर उसने इनकार किया तो उसके और पृथ्वी के शारीरिक संबंधों के बारे में परिवार को बता देंगे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 18 जुलाई को लड़की के माता-पिता बाहर से लौटे और उन्होंने ओमपाल को अपने घर से निकलते देखा। जब उन्होंने बेटी से ओमपाल के घर में आने की वजह पूछी तो लड़की ने उन्हें सारी बात बताई। इसके बाद आईपीसी और पास्को कानून के तहत मामला दर्ज कर कफ परेड पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सीनियर इंस्पेक्टर दीपक पाटील ने बताया कि कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को 27 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।