फड़नवीस से मिले पुलिस कमिश्नर मारिया
ललित मोदी विवाद में फंसे मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने सोमवार देर रात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस से मुलाक़ात की। उन्होंने इस मामले की रिपोर्ट सीएम फड़णवीस को पेश की। बता दें कि मोदी और मारिया की पिछले साल जुलाई महीने में लंदन में मुलाकात हुई थी।
मुंबई। ललित मोदी विवाद में फंसे मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने सोमवार देर रात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस से मुलाक़ात की। उन्होंने इस मामले की रिपोर्ट सीएम फड़नवीस को पेश की। बता दें कि मोदी और मारिया की पिछले साल जुलाई महीने में लंदन में मुलाकात हुई थी। इस बात का खुलासा होने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने जांच के आदेश दिए थे।
मुंबई पुलिस आयुक्त मारिया ‘ललित मोदी विवाद’ में फंसने के बावजूद अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने कहा है कि मुंबई लौटने पर मैंने तात्कालीन गृह मंत्री स्व. आर.आर. पाटिल को ललित मोदी से लंदन में हुई मुलाकात की जानकारी दी थी। चूंकि मोदी को अंडरवर्ल्ड से जान का खतरा होने की जानकारी उनके वकील ने दी थी और उनके कहने पर ही मोदी से मुलाकात हुई थी। लिहाजा उसी वक्त मैंने मोदी को मुंबई वापस आकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी थी।
मारिया का दावा है कि इस मुलाकात की जानकारी गोपनीय दस्तावेज में दर्ज है। इसके अलावा इस मुलाकात की जानकारी एटीएस को उस समय पत्र भेजकर भी दी गई थी। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री मारिया के इस खुलासे से अभी तक संतुष्ट नहीं है। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों का कहना है कि देश से भागे हुए किसी अभियुक्त की जान को विदेश में खतरा होने का असल में मुंबई पुलिस का कोई संबंध नहीं आता है। यह जानकारी होने के बावजूद मारिया ने मोदी के वकील के माध्यम से बात करने के बदले स्वयं मुलाकात क्यों की? इसके अलावा पूर्व अनुमति लिये बिना मारिया को विदेश में मोदी से मुलाकात ही नहीं करनी चाहिए थी।