फिल्म अभिनेत्री ने की आत्महत्या
फिल्म अभिनेत्री शिखा जोशी (40) ने यहां वरसोवा इलाके में स्थित एक फ्लैट में आत्महत्या कर ली है। उन्होंने वर्ष 2012 में आई फिल्म 'बीए पास में छोटी सी भूमिका निभाई थी।
मुंबई। फिल्म अभिनेत्री शिखा जोशी (40) ने यहां वरसोवा इलाके में स्थित एक फ्लैट में आत्महत्या कर ली है। उन्होंने वर्ष 2012 में आई फिल्म 'बीए पास में छोटी सी भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार, यह आत्महत्या का मामला लगता है लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
जोशी महादा के राजयोग सोसाइटी में किराए के फ्लैट में एक अन्य महिला के साथ रहती थीं। साथ रहने वाली महिला जब आई और दरवाजा खटखटाया तो जोशी ने दरवाजा नहीं खोला। महिला ने अपनी चाबी से दरवाजा खोला तो जोशी को खून से लथपथ पड़ा पाया। तेज धार वाला चाकू उनके गले में घुसा था। वह उन्हें पास के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल ले गई जहां जोशी को मृत घोषित कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह अवसादग्रस्त थीं। उनकी दिल्ली में रहने वाली 19 साल की बेटी को घटना की सूचना दे दी गई है। जोशी 2011 में तब विवादों में आई थीं जब उन्होंने अपना ब्रेस्ट इंप्लांट सर्जरी करने वाले डॉक्टर पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया था।