सलमान खान के हिट एंड रन केस में अंतिम बहस आज से
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साल 2002 के हिट एंड रन मामले में बुधवार से आखिरी बहस शुरू होगी।
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साल 2002 के हिट एंड रन मामले में बुधवार से आखिरी बहस शुरू होगी। सोमवार को सलमान के पारिवारिक ड्राइवर अशोक सिंह की गवाही हुई। उसने सारा आरोप अपने ऊपर लेते हुए कहा कि हादसे के वक्त सलमान नहीं बल्कि वह [सिंह] गाड़ी चला रहा था। बचाव पक्ष ने मंगलवार को कोर्ट से कहा कि वह और गवाही नहीं चाहता है।
इसके बाद न्यायाधीश डीडब्ल्यू देशपांडे ने दोनों पक्षों से बुधवार से अंतिम बहस करने को कहा। पहले सरकारी वकील प्रदीप घरात बहस करेंगे और उनके बाद सलमान के वकील श्रीकांत शिवाडे अपनी दलील देंगे। अभियोजन की बहस कम से कम एक सप्ताह तक चल सकती है।
मालूम हो कि 28 सितंबर, 2002 को बांद्रा में एक बेकरी के बाहर सो रहे लोगों को सलमान की कार ने कुचल दिया था। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हुए थे। आरोप है कि सलमान नशे की हालत में गाड़ी चला रहे थे। उन पर गैर-इरादतन हत्या का आरोप है। आरोप साबित होने पर उन्हें दस साल तक कैद की सजा हो सकती है।
अभियोजन ने इस मामले में 25 से ज्यादा गवाह पेश किए जबकि बचाव पक्ष ने सलमान [आरोपी] के अलावा सिर्फ एक ही गवाह पेश किया।