लिव-इन पार्टनर को सबक सिखाने के लिए बेटी को मार डाला
अपने लिव-इन पार्टनर के देर रात तक बाहर रहने से नाराज एक व्यक्ति ने नशे में अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बच्ची की चीख सुनने के बाद असपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने अरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई। अपने लिव-इन पार्टनर के देर रात तक बाहर रहने से नाराज एक व्यक्ति ने नशे में अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बच्ची की चीख सुनने के बाद असपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने अरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया और कहा कि उसे अपनी गर्लफ्रेंड पर शक था। उसे शंका थी कि वह किसी और के साथ प्रेम संबंध में है इसलिए देर रात तक घर नहीं आती थी।
पुलिस के अनुसार मुंबई के अंधेरी पूर्व में रहने वाले 39 साल के विपुल मेहता अपनी गर्लफ्रेंड और पांच साल की बेटी के साथ पूनम नगर के अपार्टमेंट में रहता है।
विपुल और नगमा पिछले सात सालों से लिव-इन रिलेशन में हैं और दोनों की एक पांच साल की बेटी भी है। विपुल की गर्लफ्रेंड नगमा शेख जो पेश्ो एक बार सिंगर है, अक्सर देर से घर लौटती थी। विपुल ने उसे कई बार इस बात के लिए टोका लेकिन उसने उसे नजरअंदाज किया।
बुधवार को भी जब वह देर रात तक घर नहीं आई तो विपुल ने उसे फोन किया लेकिन नगमा ने उसका जवाब नहीं दिया। गुरुवार अल सुबह नशे में धुत विपुल, नगमा का इंतजार करने के बाद गुस्से से भर गया और अपनी पांच साल की बेटी पिया का गला घोंट दिया।
पड़ोसियों द्वारा दी गई सूचना के बाद एमआइडीसी पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा दोनों बाप-बेटी बेहोश थे। पुलिस ने तत्काल दोनों को अस्पताल भिजवाया जहां बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया वहीं विपुल का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विपुल पर नजर रख रही है।
[साभार: मिड-डे]